छत्तीसगढ़राजनंदगांव

राजनांदगांव में चोरी का बड़ा खुलासा: राजस्थान का अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब

राजनांदगांव (विश्व परिवार)। शहर में लगातार हो रही दुकानों में चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए राजनांदगांव पुलिस ने राजस्थान के एक अंतरराज्यीय शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन की अपराध मुक्त नीति के तहत पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में रात के समय दुकानों की छत के रास्ते अंदर घुसकर गल्ले से नगदी और कीमती सामान चोरी किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन मामलों में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 456/25, 478/25, 532/25 और 537/25 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
दर्ज प्रमुख चोरी की घटनाएं
महावीर चौक स्थित नंदलाल हार्डवेयर में 3-4 सितंबर 2025 की रात गल्ले से करीब 60 हजार रुपये नगद चोरी। मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल स्टोर में 17-18 सितंबर 2025 की रात लगभग 7 लाख रुपये नगद चोरी। नरेश वॉच दुकान से 2.50 लाख रुपये नगद एवं 12 से 13 कीमती घड़ियों की चोरी।
हमालपारा स्थित संगम साड़ी दुकान से करीब 4 लाख रुपये की नगदी एवं सोने की चेन चोरी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो एवं वैशाली जैन के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक शातिर गिरोह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर मुख्य आरोपी दिनेश चरपोटा को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
दिनेश चरपोटा, पिता छगन चरपोटा, उम्र 36 वर्ष, निवासी गणेशीलाल का पाड़ला, चौकी माहीडेम, थाना भुंगड़ा, जिला बांसवाड़ा।
पुलिस ने आरोपी को केंद्रीय जेल बांसवाड़ा से प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव लाया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।
फरार आरोपी
हरिश उर्फ हरिया चरपोटा
परमेश उर्फ फन्टु चरपोटा
सुनील चरपोटा
तीनों आरोपी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना है।
राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts