दुर्ग

महापौर अलका बाघमार ने वार्ड 57 एवं 58 का किया सघन निरीक्षण, विकास एवं सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

  • नाला-नाली सफाई कार्यों में तेजी लाने दिए निर्देश,नाला निर्माण हेतु पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से की चर्चा
  • नागरिकों से रूबरू होकर सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
  • अवैध अतिक्रमण हटाने और मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाने निगम अमले को किया निर्देशित

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत आज महापौर अलका बाघमार ने लोककर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वित्त विभाग प्रभारी नरेंद्र बंजारे, पार्षद रेशमा सोनकर एवं पार्षद सरस निर्मलकर के साथ वार्ड क्रमांक 57 एवं 58 का लगभग दो घंटे तक सघन निरीक्षण कर क्षेत्र की साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था, नाला-नाली निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 57 में श्रीराम मैरिज पैलेस क्षेत्र से की गई। महापौर ने गलियों एवं मोहल्लों में पहुंचकर नाला एवं नालियों की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल को देखते हुए जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए नालियों की सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जहां-जहां नाली निर्माण एवं नाला किनारे सफाई कार्य की आवश्यकता पाई गई, वहां तत्काल कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। नाला निर्माण से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के लिए महापौर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने कहा।

महापौर अलका बाघमार ने क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। नागरिकों द्वारा सड़क, नाली, सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से अवगत कराने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात महापौर वार्ड क्रमांक 58 पहुंचीं, जहां उन्होंने नाला एवं नालियों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में नाली निर्माण की आवश्यकता है, वहां प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र निर्माण कार्य कराया जाए। साथ ही वर्षा ऋतु के पूर्व सभी जल निकासी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सड़क सीमा क्षेत्र के अंतर्गत नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा दामादपारा, बजरंग नगर एवं उरला तालाब किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हांकित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों एवं जल निकासी मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वार्डों में नियमित निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता मोहम्मद सलीम सिद्दिकी,भवन अधिकारी प्रकाशचंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, मोहित मरकाम, सिद्धार्थ साहू, प्रेरणा दुबे, सुरेश भारती सहित निगम का अमला उपस्थित रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts