दुर्ग

सीमेंटीकरण सड़क निर्माण में गड़बड़ी पर महापौर अलका बाघमार सख्त, मौके पर जांच कर ठेकेदार को दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

  • 6 इंच की जगह 2.50 से 3 इंच सीसी सड़क निर्माण, महापौर ने लगाई फटकार, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा अंतर्गत गया नगर वार्ड क्रमांक 5 महर्षि स्कूल लाइन,गया नगर में चल रहे सीमेंटीकरण सड़क निर्माण कार्य का आज महापौर अलका बाघमार ने लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर,जल कार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन,पार्षद रंजीता पाटिल एवं कार्यपालन अभियंता मो. सलीम सिद्दीकी के साथ औचक निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों से प्राप्त शिकायत को महापौर ने गंभीरता से लेते हुए निर्माण स्थल पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मोटाई एवं निर्माण की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माणाधीन सीमेंटीकरण सड़क की मोटाई की जांच कराई। जांच में सामने आया कि सड़क का निर्माण निर्धारित मापदंड के अनुसार 6 इंच मोटाई में किया जाना है, जबकि मौके पर लगभग 2.50 से 3 इंच तक ही निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। इसके अलावा सड़क निर्माण के दौरान दोनों ओर निर्धारित चैनल का भी समुचित निर्माण नहीं किया जा रहा था। निर्माण कार्य में इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर महापौर ने मौके पर ही नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।

महापौर अलका बाघमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित मापदंड, तकनीकी स्वीकृति एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ ही कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का लाभ लंबे समय तक आम नागरिकों को मिलना चाहिए, इसलिए कार्य केवल पूरा करना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा तकनीकी मापदंडों के अनुरूप ही कार्य कराने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों की अनदेखी की जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों में तकनीकी गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण स्थल पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा ठेकेदार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

महापौर ने मौके पर उपस्थित निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सड़क को तकनीकी मापदंडों के अनुरूप बेहतर एवं मजबूत बनाया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता की जांच के बाद ही आगे का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्यों का लाभ जनता को गुणवत्तापूर्ण रूप में मिलना चाहिए।निरीक्षण के दौरान निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts