देशहैदराबाद

एनएमडीसी ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 मनाया, सतत खनन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हैदराबाद (विश्व परिवार)। भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक एवं जिम्मेदार खनन कंपनी एनएमडीसी ने अपने हैदराबाद मुख्यालय सहित देशभर की परियोजनाओं में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया। इस अवसर पर कंपनी ने सतत खनन और पर्यावरण प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रही। इसी थीम को केंद्र में रखकर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जो हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी के नेतृत्व में निदेशक (उत्पादन) जॉयदीप दासगुप्ता, निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर, निदेशक (वित्त) अनुराग कपिल तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी सी. नीलकंठ रेड्डी ने कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कई वीडियो और एनएमडीसी की पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, वनीकरण तथा सतत खनन पहलों पर आधारित एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया।
एनएमडीसी की विभिन्न परियोजनाओं में वृक्षारोपण अभियान चलाए गए। कर्मचारियों और विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण विषयक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, ताकि पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े और नवाचार को प्रोत्साहन मिले। कंपनी ने पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों का वितरण कर दैनिक जीवन में पर्यावरणीय जिम्मेदारी अपनाने का संदेश भी दिया।
अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी करोड़ों वर्षों तक मनुष्यों के बिना भी अस्तित्व में रही है और आगे भी रह सकती है। इसलिए पृथ्वी की रक्षा करना मानवता के अस्तित्व के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन में लिए जाने वाले प्रत्येक निर्णय से पहले उसके पर्यावरणीय प्रभावों पर जिम्मेदारीपूर्वक विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एनएमडीसी जिम्मेदार खनन की अवधारणा में विश्वास रखता है और उसका पालन करता है। कंपनी न केवल व्यावसायिक प्रदर्शन में उत्कृष्टता हासिल कर रही है, बल्कि पर्यावरण और स्थानीय समुदायों के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित आंतरिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इन प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एनएमडीसी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जिम्मेदार खनन और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। कंपनी का मानना है कि धरती की सतह के नीचे उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का दोहन इस प्रकार किया जाए कि धरती के ऊपर मौजूद जीवन और पर्यावरण को भी समान रूप से लाभ पहुंचे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts