छत्तीसगढ़रायपुर

होली पर रायपुर पुलिस की सख्ती: जबरन रंग डालने पर होगी कानूनी कार्रवाई

रायपुर (विश्व परिवार)। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी व्यक्ति की अनुमति के बिना रंग या पानी डालना दंडनीय अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नरेट द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, जबरन रंग लगाना या उत्पात मचाने जैसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
मुखौटों की बिक्री और उपयोग पर रोक
पुलिस ने होली के दौरान पहचान छिपाने की आशंका को देखते हुए मुखौटों की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि कई बार असामाजिक तत्व मास्क या मुखौटे पहनकर घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है।
जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी
4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व को ध्यान में रखते हुए शहर में विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई है। सडक़ों पर लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के जरिए आसमान से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।
शांति और सौहार्द की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
शहर में जहां एक ओर बाजारों में होली को लेकर रौनक बढ़ गई है, वहीं प्रशासन भी त्योहार को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts