छत्तीसगढ़सूरजपुर

भूमि पूजन कार्यक्रम में हंगामा: मंच पर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट

सूरजपुर (विश्व परिवार)। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के धोंधा गांव में आयोजित कृषि महाविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उस समय अप्रत्याशित स्थिति बन गई, जब मंच पर ही पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया। तीखी नोकझोंक के बाद मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अव्यवस्था का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मौजूद थे। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। मंच पर स्थानीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम प्रारंभ हुआ था। बताया जाता है कि मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल और प्रदेश पदाधिकारी अनुप गुप्ता के समर्थकों के बीच किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और समर्थकों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही आपसी तनातनी इस दौरान खुलकर सामने आ गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम के कारण कार्यक्रम को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। बाद में वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप से माहौल शांत कराया गया और कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया। हालांकि, इस घटना ने आयोजन की गरिमा पर असर डाला और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts