छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने किया 43 लाख के कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौड़ सहित रायपुर नगर निगम जोन 5 अंतर्गत डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड क्रमांक 68 में लगभग 43 लाख के नए विविध विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। पुराना चंगोराभाठा क्षेत्र में पहुंचकर उन्होंने श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर कार्यों की शुरुआत की और नगरवासियों को एक और सौगात दी।

भूमिपूजन के अवसर पर विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ सहित जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, वार्ड 68 की पार्षद दुर्गा यादराम साहू, पूर्व पार्षद बसंत गिरपुंजे, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, उप अभियंता प्राची चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

विधायक सुनील सोनी ने कहा कि नगर निगम द्वारा चंगोराभाठा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए चंगोराभाठा और रायपुरा जलागार का कमांड एरिया अलग-अलग करने का कार्य शुरू किया गया है, जिससे समस्या का समाधान होगा। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि संबंधित अधिकारियों ने समय पर आवश्यक जानकारी महापौर तक नहीं पहुंचाई, जिसके कारण इस वर्ष भी लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ा।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

विधायक ने बताया कि चंगोराभाठा में सड़क किनारे लगने वाले बाजार के कारण यातायात समस्या उत्पन्न होती है। इसके समाधान के लिए शासकीय भूमि पर नए बाजार का निर्माण कर व्यापारियों को व्यवस्थित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चंगोराभाठा, संतोषी नगर और मठपुरैना जैसे आउटर क्षेत्रों में विकास की बड़ी संभावनाएं हैं, जिन्हें तेजी से विकसित किया जाएगा।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि चंगोराभाठा क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण पेयजल संकट उत्पन्न हुआ। अब राज्य शासन के निर्देश पर लगभग 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर जलागार का कमांड एरिया अलग करने का कार्य शुरू किया गया है, जिससे जुलाई 2026 तक स्थायी समाधान हो जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) अपनाने की अपील की, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

अंत में पार्षद दुर्गा यादराम साहू ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts