तखतपुर (विश्व परिवार)। क्षेत्र में एक ओर जहां भाजपा शासनकाल में विकास कार्यों को गति मिलने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। तखतपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेवरा में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 36 लाख रुपये की लागत से बनाए गए गौरव पथ सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के महज एक महीने के भीतर ही सड़क उखड़ने लगी है। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर बनाए गए साइड सोल्डर कार्य को भी गुणवत्ताहीन बताया है।
ग्रामीणों के अनुसार साइड सोल्डर निर्माण में मुरूम डालने के बजाय पुरानी सड़क से निकाले गए डामरयुक्त मटेरियल का उपयोग किया गया है, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित हो रही है। मामले को लेकर गांव में नाराजगी का माहौल है और ग्रामीण संबंधित ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी : कार्यपालन अभियंता
मामले में संबंधित इंजीनियर और एसडीओ से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता परीक्षित सूर्यवंशी ने तत्काल जांच टीम गठित कर मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








