छत्तीसगढ़महासमुंद

बसना के स्वामी आत्मानंद और कन्या शाला में शाला प्रवेशोत्सव धूमधाम से संपन्न, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल

  • विधायक ने बच्चों को तिलक लगाकर किया स्वागत:शिक्षकों से की अपील-बच्चों में शिक्षा के प्रति जगाएं सकारात्मक भाव, बच्चे ही है देश का भविष्य
  • शाला प्रवेशोत्सव पर बरसी खुशियां: बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने नवप्रवेशी बच्चों का बढ़ाया हौसला, शिक्षकों को दी बधाई
  • स्वामी आत्मानंद पी एम श्री विद्यालय और शासकीय कन्या शाला में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नए शैक्षणिक सत्र का आगाज, विधायक बोले-शिक्षक ही गढ़ते हैं उन्नत समाज

बसना (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ प्रदेश में इन दिनों नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही ‘शाला प्रवेशोत्सव’ बेहद उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्थानीय स्वामी आत्मानंद पी एम श्री उत्कृष्ट विद्यालय एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना में शाला प्रवेशोत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल एवं विद्यालय परिवार द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात, शाला में कदम रखने वाले नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और उन्हें पाठ्यपुस्तकें व कॉपियां भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। नए परिवेश में बच्चों के चेहरों पर एक अलग ही रौनक और मुस्कान देखने को मिली।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, पलकों और प्यारे बच्चों को नए शैक्षणिक सत्र और शाला प्रवेशोत्सव की सहृदय हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में विधायक ने विशेष तौर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं से संवाद किया और उनसे अनुरोध किया कि वे बच्चों को उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में कोई कसर न छोड़ें। उन्होंने समाज और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों के मन में शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक भाव और रुचि जागृत करने के लिए निरंतर कार्य करें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा के उजाले से वंचित न रहे।
अपने प्रभावशाली उद्बोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें समाज और देश का उज्ज्वल भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि आज विद्यालय की चौखट पर कदम रखने वाले ये बच्चे ही कल हमारे क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे, इसलिए इन्हें बचपन से ही अच्छे संस्कार और बेहतर माहौल मिलना बेहद जरूरी है। शिक्षकों की महत्ता को रेखांकित करते हुए उन्होंने आगे कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के जीवन को सही दिशा देने वाले सच्चे शिल्पकार हैं, जो बच्चों को सही-गलत का भेद सिखाकर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में गढ़ते हैं। अंत में क्षेत्र के विकास पर बात करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने दृढ़तापूर्वक कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिससे गरीबी और अज्ञानता को दूर किया जा सकता है। उन्होंने स्वामी आत्मानंद और पी एम श्री योजना की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि हमारी सरकार बसना क्षेत्र के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकारी स्कूलों की तस्वीर व तकदीर बदलने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल,नगर पंचायत उपाध्यक्ष बसना शीत गुप्ता,पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा रमेश अग्रवाल,मंडल अध्यक्ष बसना नरेंद्र यादव, अध्यक्ष SMDC बसना एन एल भोई, अध्यक्ष महिला मोर्चा बसना दीपा अरुण साहू,सांसद प्रतिनिधि लोकनाथ डड़सेना , पार्षद संगीता नायक, कोषाध्यक्ष भाजपा बसना अमृत चौधरी,महामंत्री युवा मोर्चा बसना नवीन भट्ट,प्राचार्य गिरिजा साहू, प्राचार्य एन के पंडा,व्याख्याता खिरोद कुमार पुरोहित,प्रधान पाठक मिडिल स्कूल हरिराम साव,प्रधान पाठक राजकुमारी गुप्ता ,विकास खंड स्त्रोत समन्वय बसना अनिल साव,विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे,महेंद्र कुमार महापात्र,मंच संचालक मनोहर पटेल,मीडिया प्रभारी भाजपा बसना सुखदेव दास वैष्णव,स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के आला अधिकारी, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, भारी संख्या में पलकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों के कोलाहल और स्वागत गीतों से गूंजता रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts