छत्तीसगढ़दुर्ग

शिक्षक और शौचालय की मांग को लेकर छात्रों का चक्काजाम, शिक्षा मंत्री के गृह जिले में सड़क पर उतरे बच्चे

दुर्ग (विश्व परिवार)। शिक्षा मंत्री के गृह जिले दुर्ग के धमधा विकासखंड में शासकीय हाईस्कूल पेन्ड्रावन के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक की मांग को लेकर खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है। बच्चे सड़क पर बैठकर अपनी मांग पूरी करने की जिद पर अड़े हुए हैं। वहीं सेलूद में भी आत्मानंद स्कूल में शौलालय के लिए छात्र सड़क पर उतरे हैं। छात्रों को समझाने शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद हैं, लेकिन बच्चे अपना प्रदर्शन खत्म करने को राजी नहीं हैं। वहीं छात्रों के इस प्रदर्शन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
बघेल ने कहा है कि हक के लिए Gen Alpha सड़क पर उतरे हैं। विष्णु के कथित सुशासन में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के गृह जिले में स्कूल के बच्चे शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा के लिए चक्काजाम करने को मजबूर हैं। दुर्ग के सेलूद में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्याप्त शौचालय की मांग को लेकर दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। Gen Alpha विद्यार्थियों का कहना है कि सांसद से लेकर शिक्षा मंत्री तक अपनी समस्या पहुंचाने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन मिले, समाधान नहीं हुआ। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे बच्चों को स्कूल में शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।
भूपेश बघेल ने कहा है कि सरकार को बच्चों की आवाज सुननी चाहिए और आश्वासन नहीं, तुरंत स्थायी समाधान देना चाहिए। स्वामी आत्मानंद स्कूलों को शानदार शिक्षा की जिस मंशा से हमने शुरू किया था, उसे बरकरार रखना चाहिए।
तीन दिन पहले भी छात्रों ने किया था सड़क जाम
दरअसल तीन दिन पहले ही जेन अल्फा ने अपनी मांग को लेकर सड़क जाम किया, लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकरियों के समझाइश पर उन्होंने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया था, लेकिन इस बार छात्र कलेक्टर या शिक्षा मंत्री से बात करने की मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों की मांग है कि हाईस्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई के लिए मात्र 3 शिक्षक और 1 प्रिंसिपल हैं, जबकि सब्जेक्ट के अनुसार 15 शिक्षक होने चाहिए। शिक्षक की कमी से उनकी पढ़ाई पूरी तरह से ठप पड़ी है।
छात्रों ने कहा – जब तक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होगी सड़क से नहीं हटेंगे
छात्रों ने बताया कि चार दिन पहले 21 अगस्त को भी उन्होंने शिक्षक की मांग को लेकर मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी स्कूल में एक भी नए शिक्षक की नियुक्ति नहीं हुई। आश्वासन पूरा न होने से नाराज होकर आज फिर से सड़क पर उतरकर चक्काजाम किए हैं। छात्रों का साफ कहना है कि जब तक स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होगी वे सड़क से नहीं हटेंगे।
सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी कतारें
सड़क जाम की सूचना पर मौके पर भारी पुलिस बल और शिक्षा विभाग के अधिकारी पहुंच गए हैं। स्वयं एसडीओपी चित्रा वर्मा ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। स्थानीय शिक्षकों द्वारा भी छात्रों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। इधर मुख्य मार्ग जाम होने से दोनों तरफ भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई है। आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts