रायपुर

खिलाड़ियों के अधिकारों की लड़ाई अब कानूनी और संवैधानिक स्तर पर लड़ी जाएगी: प्रवीण जैन

रायपुर (विश्व परिवार)। खिलाड़ियों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए अधिवक्ता प्रवीण जैन, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी स्पोर्ट्स सेल, ने खिलाड़ियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की पहल की तैयारी की है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि खिलाड़ी को प्रतिभा के साथ-साथ न्याय, समान अवसर, सम्मान और सुरक्षित खेल वातावरण का भी अधिकार है।

प्रवीण जैन ने कहा कि चयन प्रक्रिया में पक्षपात या भेदभाव, अनुचित निलंबन, प्रतियोगिता से गलत तरीके से बाहर करना, पुरस्कार अथवा प्रोत्साहन रोकना, अवसरों से वंचित करना या किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में खिलाड़ियों को चुप नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत का संविधान खिलाड़ियों को समानता और गैर-भेदभाव का अधिकार, सार्वजनिक अवसरों में समानता तथा व्यक्तिगत स्वतंत्रता एवं गरिमा सहित कई संवैधानिक संरक्षण प्रदान करता है। परिस्थितियों के अनुसार खिलाड़ी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायिक उपाय भी अपना सकता है।

उन्होंने राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम, 2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल संस्थाओं के लिए आचार संहिता, खिलाड़ियों की सुरक्षा, महिलाओं और नाबालिग खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित खेल नीति तथा खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की शिकायतों के निवारण की व्यवस्था की गई है। खेल से जुड़े विवादों के समाधान के लिए राष्ट्रीय खेल न्यायाधिकरण की वैधानिक व्यवस्था भी की गई है।

प्रवीण जैन ने कहा कि चयन में पक्षपात, बिना उचित कारण टीम या प्रतियोगिता से बाहर करने, नियमों में मनमानी, अनुचित निलंबन, पुरस्कार या छात्रवृत्ति रोकने, खेल संघ अथवा अधिकारियों द्वारा अधिकारों के दुरुपयोग, महिला खिलाड़ियों के साथ यौन उत्पीड़न, नाबालिग खिलाड़ियों के साथ दुर्व्यवहार, डोपिंग मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने या जाति, लिंग, धर्म सहित अन्य आधार पर भेदभाव की शिकायत होने पर खिलाड़ी उपलब्ध दस्तावेजों के साथ संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी खेल संस्था के विरुद्ध अनावश्यक विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जहां वास्तविक अन्याय हो, वहां उन्हें उचित कानूनी एवं संवैधानिक मंच उपलब्ध कराना है। खिलाड़ी की आवाज दबेगी नहीं। आवश्यकता पड़ने पर उसकी लड़ाई खेल संघ से लेकर वैधानिक प्राधिकरण, राष्ट्रीय खेल न्यायाधिकरण और न्यायालय तक पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी।”

उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों से अपील की कि किसी भी अन्याय को सहन न करें और अपनी शिकायत से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखें। शिकायत मिलने पर मामले के तथ्यों, नियमों और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण कर उचित कानूनी मार्गदर्शन एवं कार्रवाई की जाएगी।

खिलाड़ियों के लिए संपर्क:
अधिवक्ता प्रवीण जैन
प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी स्पोर्ट्स सेल
संपर्क: 07771001701

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts