देशनई दिल्ली

श्रीहरिकोटा से 4 सितंबर को उड़ान भरेगा देश का पहला जियो-इमेजिंग सैटेलाइट

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। भारत के अंतरिक्ष मिशन के लिए एक और बड़ी उड़ान तैयार है। देश का पहला जियो-इमेजिंग सैटेलाइट 4 सितंबर को श्रीहरिकोटा से अंतरिक्ष भेजा जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी है। जितेंद्र सिंह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि जीएसएलवी-एफ17/ईओएस-05 मिशन 4 सितंबर को सुबह 02:55 बजे सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, शार, श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा।
लॉन्च व्यू गैलरी से मिशन को देख सकेंगे दर्शक
आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करके लॉन्च व्यू गैलरी से मिशन को देखा जा सकता है। जीएसएलवी-एफ17 की 19वीं उड़ान जीएसएलवी-एफ17 भारत के जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल की 19वीं उड़ान है। इसमें 4 मीटर डायमीटर वाली ओगिव (कम्पोजिट) पेलोड फेयरिंग लगी है। यह रॉकेट ईओएस-05 सैटेलाइट को सब-जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में स्थापित करेगा। लॉन्च सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड (एसएलपी) से होगा।
ईओएस-05: भारत का पहला जियोसिंक्रोनस इमेजिंग सैटेलाइट
ईओएस-05 एक अत्याधुनिक अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट है। इसे जीआईएसएटी-1ए के नाम से भी जाना जाता है। इसका वजन 2,367 किलोग्राम है। यह जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट से भारत का पहला इमेजिंग सैटेलाइट होगा। इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय उपमहाद्वीप की लगभग रियल-टाइम और हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग उपलब्ध कराना है। यह आपदा निगरानी, कृषि और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
लाइव कैसे देखें?
अगर आप इस ऐतिहासिक लॉन्च को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं तो सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) एसएचएआर की लॉन्च व्यू गैलरी में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा इसरो के यूट्यूब चैनल पर 4 सितंबर को सुबह 02:25 बजे से लाइव कवरेज शुरू हो जाएगी। इसरो ने आम जनता के लिए विशेष दर्शक दीर्घा बनाई है, जहां से रॉकेट लॉन्चिंग को लाइव देखा जा सकता है। यह गैलरी आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts