छत्तीसगढ़रायपुर

राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण ही कांग्रेस का असली चरित्र : भाजपा

  • भाजपा विधायक अनुज शर्मा का दुष्कर्म मामले में आरोपियों के परिजनों से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के घिनौने खेल में कांग्रेस नेता और एक अन्य की गिरफ्तारी पर तीखा हमला

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के विधायक अनुज शर्मा ने धरसींवा के सिलयारी चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका से हुए दुष्कर्म के मामले में अपराधियों को संरक्षण देने व ब्लैकमेलिंग के आरोप में कांग्रेसी नेता सूरज सिंह ठाकुर और उसके एक साथी मोहम्मद उस्मान सैफी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। श्री शर्मा ने कहा कि इस शर्मनाक घटना ने कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरे को एक बार फिर जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। आज राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण ही कांग्रेस का कुल जमा राजनीतिक चरित्र शेष रह गया है।

भाजपा विधायक श्री शर्मा ने कहा कि एक तरफ जहाँ पूरा प्रदेश नाबालिग बेटी के साथ हुए इस जघन्य अपराध से मर्माहत था, वहीं दूसरी तरफ रसूखदार कांग्रेसी नेता सूरज सिंह ठाकुर और उसका गिरोह इस अत्यंत संवेदनशील मामले में अवैध उगाही का घिनौना खेल खेल रहे थे। श्री शर्मा ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होते ही कांग्रेसियों की छटपटाहट इतनी बढ़ गई है कि वे अब बलात्कारियों के परिजनों को डरा-धमकाकर धन उगाही करने जैसे घृणास्पद कृत्य पर उतर आए हैं। अपराधियों और दलालों के इस कॉकटेल को कांग्रेस का राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेतृत्व आखिर क्यों मौन सहमति दे रहा है? यह कांग्रेस के पतन की पराकाष्ठा है। श्री शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरसींवा थाने का घेराव करने और पुलिसिया कार्रवाई पर आक्रोश जताने की कड़ी निंदा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पुलिस जब न्यायसंगत ढंग से तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अपराधियों को जेल भेज रही है, तो कांग्रेस पार्टी किस मुँह से थाने का घेराव कर गुण्डागर्दी का प्रदर्शन कर रही है? इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस इस प्रदेश में अपराधियों, बलात्कारियों और उपद्रवियों की असली आका और संरक्षक है। जब भी किसी कांग्रेसी नेता का आपराधिक चेहरा सामने आता है, तो कांग्रेस इसे ‘राजनीति से प्रेरित कार्रवाई’ का नाम देकर विक्टिम कार्ड खेलने लगती है। श्री शर्मा ने मांग की कि इस पूरे ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली नेटवर्क में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी अविलम्ब गिरफ्तार किया जाए।

नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले कोण्डागाँव जिला महामंत्री की गिरफ्तारी से साफ हुआ कि कांग्रेस का हाथ केवल और केवल भ्रष्टाचार के साथ है

भाजपा विधायक श्री शर्मा ने कोण्डागाँव में पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख रुपए की ठगी के मामले में कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल की गिरफ्तारी पर भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। श्री शर्मा ने कहा कि कोण्डागाँव की यह घटना कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि यह इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान समूची कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य को बेचने की दुकान बनकर रह गई थी। कांग्रेस में अपराधियों और ठगों को बाकायदा ऊँचे पदों से नवाज कर संरक्षण दिया जाता है। कांग्रेस ने अपने पाँच साल के शासनकाल में केवल ‘लूट और झूठ’ की राजनीति की। एक तरफ इनके बड़े नेता कोयला, शराब और महादेव ऐप के जरिए प्रदेश को खोखला कर रहे थे, तो दूसरी तरफ इनके जिला स्तर के पदाधिकारी नौकरी के नाम पर गरीब और भोले-भाले ग्रामीण युवाओं की गाढ़ी कमाई डकार रहे थे। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का हाथ केवल और केवल भ्रष्टाचार के साथ है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इस ‘महाठग’ महामंत्री पर क्या कांग्रेस कोई कार्रवाई करेगी?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts