- संभव संस्कार सुरभि पाठशाला के बच्चों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ निभाई धार्मिक विधि, मुमुक्षुओं की संयम यात्रा की अनुमोदना में उमड़े श्रद्धालु
रायपुर (विश्व परिवार)। आत्मशुद्धि, तप आराधना और संयम साधना के भावों से सुसज्जित तीन दिवसीय ‘संयम संग्रामोत्सव’ का समापन सोमवार को भव्य धार्मिक कार्यक्रम के साथ हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन सिद्धि दायक दिवस के अवसर पर श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय, विवेकानंद नगर में भव्य स्नात्र पूजा संपन्न हुई। संभव संस्कार सुरभि पाठशाला के बच्चों ने पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ धार्मिक विधि संपन्न की। विशेष बात यह रही कि बच्चों ने पूरी स्नात्र पूजा बालमुमुक्षु निपुण बैद को समर्पित की।
सुबह 9 बजे शुरू हुई स्नात्र पूजा में बच्चों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। भगवान की भक्ति, पूजा-विधि और धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बच्चों ने बालमुमुक्षु निपुण बैद की संयम यात्रा के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए यह विशेष पूजा समर्पित की। उपस्थित समाजजनों और श्रद्धालुओं ने बच्चों की इस भक्ति भावना की सराहना की और मुमुक्षु आत्माओं के वैराग्य भाव की अनुमोदना की।
तीन दिनों तक चले संयम संग्रामोत्सव में चार मुमुक्षु आत्माओं की संयम साधना की भावना केंद्र में रही। इनमें रायपुर के बालमुमुक्षु निपुण बैद, फिंगेश्वर की राखी चोपड़ा तथा दल्ली राजहरा की दर्शिता नाहटा और राशि नाहटा शामिल हैं। महोत्सव के पहले दिन शक्रस्तव अभिषेक, बहुमान, पूजा, भक्ति और भव्य आरती हुई। दूसरे दिन मुमुक्षुओं एवं तपस्वियों की रथयात्रा, विरति संवेदना, मुनिश्री के आशीर्वचन और संयम संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। अंतिम दिन बच्चों की ओर से बालमुमुक्षु निपुण बैद को समर्पित स्नात्र पूजा के साथ महोत्सव पूर्ण हुआ।
रात्रि भक्ति संवेदना में मुमुक्षुओं का बहुमान
संयम संग्रामोत्सव के अंतर्गत रात्रि भक्ति संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम में श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से चारों मुमुक्षु आत्माओं का बहुमान किया गया। इस अवसर पर भावनगर के श्री मिलन मेहता और रायपुर के राहुल झाबक ने भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों के माध्यम से संयम, वैराग्य और आत्मकल्याण के भावों की सुंदर अभिव्यक्ति हुई। श्रद्धालुओं ने भक्तिमय वातावरण में मुमुक्षुओं की संयम यात्रा की अनुमोदना की।
यह तीन दिवसीय महोत्सव खरतरगच्छाचार्य छत्तीसगढ़ रत्न प. पू. श्री जिनपीयूषसागरसूरीश्वरजी म.सा. के शिष्यरत्न प. पू. मुनि श्री संवेगरत्नसागरजी म.सा. आदि ठाणा तथा प. पू. कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका निपुणा श्रीजी म.सा. की विदुषी शिष्या प्रवचन प्रभाविका प. पू. मंजुलाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में संपन्न हुआ।
महोत्सव का मूल भाव ‘एक नई शुरुआत – पर से स्व की ओर, संसार से मोक्ष की ओर’ रहा। श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में हुए इस महोत्सव का संयोजन ट्रस्टी राजेंद्र गोलछा (हेमू) ने किया। तीनों दिनों के धार्मिक कार्यक्रमों में समाजजनों और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने मुमुक्षु आत्माओं की संयम यात्रा के प्रति समाज की श्रद्धा और अनुमोदना को अभिव्यक्त किया।







