ललितपुर/बिरधा (विश्व परिवार)। ग्राम बिरधा में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा उस समय सामाजिक चेतना, जनकल्याण और समाज सुधार का बड़ा मंच बन गई, जब स्वर्गीय अरविन्द साहू की पुण्य स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ खुलकर आवाज बुलंद की गई।
ग्राम प्रधान श्रीमती अनीता साहू के पति स्वर्गीय अरविन्द साहू की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया गया, जिसमें स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, रक्तदान, अंगदान और देहदान जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. छत्रपाल सिंह द्वारा स्वर्गीय अरविन्द साहू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा सामाजिक परिवर्तन के संदेश के साथ आगे बढ़ी।
शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक खुशाल चंद्र साहू ने कहा, “किसी दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि तभी है, जब उसकी स्मृति समाज के लिए प्रेरणा बने। मृत्यु भोज जैसी कुरीतियां गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बनती हैं। समाज को अब इन परंपराओं से ऊपर उठकर रक्तदान, अंगदान, देहदान, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा जैसे कार्यों को अपनाना चाहिए।”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद ने कहा, “स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समाज में जागरूकता फैलाना भी जरूरी है। देहदान, अंगदान और रक्तदान जैसे कार्य मानवता की सबसे बड़ी सेवा हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच विकसित होती है और जरूरतमंद लोगों को नई जिंदगी मिल सकती है।”
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. छत्रपाल सिंह ने कहा, “ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामाजिक सुधार को जोड़ना एक सराहनीय पहल है। यदि समाज मृत्यु भोज जैसी कुप्रथाओं को छोड़कर स्वास्थ्य और मानव सेवा को अपनाएगा, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।”
मृत्यु भोज पर खुलकर बोला हल्ला-
सभा में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने मृत्यु भोज जैसी परंपरा को सामाजिक और आर्थिक बोझ बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि किसी परिवार में मृत्यु होने के बाद दुख की घड़ी में भी दिखावे और सामाजिक दबाव के कारण परिवार आर्थिक संकट में आ जाता है। ऐसे में अब समय आ गया है कि समाज इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त करे और शोक के समय सादगी एवं संवेदनशीलता को अपनाए।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी मृत्यु भोज का बहिष्कार करने और समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन-
सैकड़ों लोगों ने लिया लाभ-
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ब्लड ग्रुप सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
देहदान और अंगदान के लिए आगे आए लोग-
शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा देहदान एवं अंगदान को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान 5 लोगों ने देहदान एवं अंगदान का संकल्प लिया, जिन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मृत्यु के बाद भी मानव शरीर समाज और चिकित्सा शिक्षा के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
ऑन-कॉल रक्तदान अभियान में युवाओं का उत्साह-
रक्त की आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑन-कॉल रक्तदान अभियान चलाया गया। इस दौरान 25 लोगों ने ऑन-कॉल रक्तदाता बनने का संकल्प लिया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश-
कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों को खोखला कर रहा है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
समाज सेवा का संकल्प रहेगा जारी-
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्गीय अरविन्द साहू की स्मृति में ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके और मानवीय मूल्यों को मजबूती मिले।
कार्यक्रम का सफल संचालन सब्बीर खान द्वारा किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग टीम में डॉ. अरविंद सिंह बुंदेला, डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. निशिकांत, डॉ. शिखा, डॉ. नीरज पाराशर, मनीष कुमार, प्रदीप कुमार एवं अमित कुमार, मीडिया टीम में अमित लखेरा एवं देवेंद्र साहू, ट्रस्ट कमेटी में रामस्वरूप पटेल, उपाध्यक्ष अनिल साहू, काउंसलर वंदना-प्रमोद मेहता, अखिलेश साहू, राघवेंद्र सिंह सिमिरिया, राजपाल फौजी, सामंत सिंह यादव, ओमकार बौद्ध, मुन्नी देवी, ममता, सोनम, हरनारायण एवं सचेंद्र साहू मौजूद रहे। शोक संतप्त परिवार से मदनलाल, श्रीराम, दिनेश, सौरभ, अन्नू, अंश एवं वंश सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
संचालन- सब्बीर खान तथा अंत में ट्रस्टी अंकुर सानू बाबा ने सभी का आभार जताया।







