छत्तीसगढ़रायपुर

महादेव घाट में सफाई के दौरान जेसीबी से क्षतिग्रस्त हुईं नाविकों की तीन नावें, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने किया प्रदर्शन

  • निगम प्रशासन ने एक माह में तीन नई नाव बनाकर देने का दिया लिखित आश्वासन, तब तक कलेक्टर दर पर रोजगार उपलब्ध कराने का वादा

रायपुर (विश्व परिवार)। छठ पर्व की तैयारियों को लेकर महादेव घाट में नगर निगम द्वारा कराई जा रही साफ-सफाई के दौरान जेसीबी की चपेट में आकर नाविकों की तीन नावें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद नाविकों में नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पीड़ित नाविकों को मुआवजा देने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार, बीती रात छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम जोन-8 के अधिकारियों द्वारा महादेव घाट में साफ-सफाई कराई जा रही थी। इस दौरान निगम प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के जेसीबी से काम शुरू करा दिया। इसी दौरान घाट पर सैलानियों को घुमाने के लिए इस्तेमाल होने वाली तीन नावें जेसीबी की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। नाविकों को इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल जेसीबी चालक को काम रोकने और मशीन हटाने के लिए कहा, जिससे अन्य नावों को नुकसान होने से बचाया जा सका।

घटना के विरोध में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के पदाधिकारियों और सेनानियों ने दिनभर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। विरोध के बीच जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल भी मौके पर पहुंचीं।

इसके बाद निगम मुख्यालय में उपायुक्त रवि राही के साथ छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के अध्यक्ष डॉ. अजय यादव, युवा क्रान्ति सेना अध्यक्ष शिवेंद्र वर्मा और मीडिया प्रभारी राहुल वर्मा की चर्चा हुई। इस दौरान तीनों पीड़ित नाविक भी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा भी उपस्थित थे।

एक माह में नई नावें बनाकर देने का आश्वासन

चर्चा के बाद निगम प्रशासन ने तीनों पीड़ित नाविकों को एक माह के भीतर तीन नई नावें बनाकर देने का लिखित आश्वासन दिया है। साथ ही नई नावें मिलने तक प्रभावित नाविकों को कलेक्टर दर पर रोजगार उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है। निगम प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts