रायपुर

नन्हे हाथों ने बोए हरियाली के सपने: एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल में वन महोत्सव के तहत हुआ भव्य वृक्षारोपण

रायपुर (विश्व परिवार)। प्रकृति संरक्षण का संदेश जब नन्हे-मुन्ने बच्चों के हाथों से दिया जाए, तो वह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाले सुनहरे भविष्य की नींव बन जाता है। इसी भाव को साकार करते हुए एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल के ईपी (अर्ली प्रोग्राम) ब्लॉक में ‘वन महोत्सव’ का भव्य आयोजन बगीचा संस्था के सहयोग से अत्यंत उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे परिसर में बच्चों की मुस्कान, हरियाली के प्रति प्रेम और प्रकृति संरक्षण का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी, जूनियर किंडरगार्डन एवं सीनियर किंडरगार्डन के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के साथ पौधारोपण से हुई। छोटे-छोटे हाथों से लगाए गए पौधे इस बात का प्रतीक बने कि पर्यावरण संरक्षण की सीख बचपन से ही संस्कार के रूप में विकसित की जा सकती है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सरी ए के विद्यार्थियों के साथ डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन एस. के. तोमर, प्राचार्य डॉ. अविनाश पांडेय, बगीचा की संस्थापक सुश्री निशा सिंघल एवं ईपी ब्लॉक इंचार्ज सुश्री तसनीम हुनैद नाज़ ने संयुक्त रूप से पौधा लगाकर किया। कार्यक्रम का समापन सीनियर किंडरगार्डन डी के विद्यार्थियों के साथ हुआ तथा अंत में सुश्री तसनीम हुनैद नाज़ एवं सुश्री निशा सिंघल ने मिलकर अंतिम पौधा रोपित कर इस हरित अभियान को यादगार बनाया।
पूरे कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन सुश्री उन्नति चिमनानी के कुशल समन्वय में संपन्न हुआ, जिनके उत्कृष्ट प्रबंधन ने आयोजन को विशेष सफलता प्रदान की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ईपी ब्लॉक के सभी शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। नर्सरी, जूनियर किंडरगार्डन एवं सीनियर किंडरगार्डन की सभी शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पौधारोपण को एक आनंददायक एवं शिक्षाप्रद अनुभव बनाया।
विद्यालय की गार्डन मेंटेनेंस टीम ने भी पौधारोपण स्थल की तैयारी से लेकर पूरे कार्यक्रम के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन एस. के. तोमर ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना जितनी जल्दी विकसित होगी, भविष्य उतना ही सुरक्षित और हराभरा होगा। उन्होंने बगीचा संस्था एवं विद्यालय परिवार के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
प्राचार्य डॉ. अविनाश पांडेय ने कहा कि “वन महोत्सव केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का अभियान है। आज के ये नन्हे पौधारोपक ही कल के पर्यावरण प्रहरी बनेंगे।”
बगीचा की संस्थापक सुश्री निशा सिंघल ने विद्यार्थियों के उत्साह और विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ईपी ब्लॉक इंचार्ज सुश्री तसनीम हुनैद नाज़ ने सुश्री निशा सिंघल को स्मृति स्वरूप प्रेम-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके सहयोग एवं सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया।
हरियाली, उत्साह और प्रकृति प्रेम से सराबोर इस वन महोत्सव ने प्रत्येक विद्यार्थी के मन में पर्यावरण संरक्षण का अमिट संदेश अंकित कर दिया। एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण ही उसकी वास्तविक पहचान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts