छत्तीसगढ़बलौदा बाजार

कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर ग्रामीण से 20 हजार की ठगी, नकली सोने के टुकड़े के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर एक ग्रामीण युवक से 20 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने सोने जैसा दिखने वाला नकली टुकड़ा युवक को थमाकर उससे नकद रकम ले ली। शिकायत मिलने के बाद भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नगद और नकली सोने का टुकड़ा भी बरामद किया है।
कच्चा सोना बेचने का दिया झांसा
पुलिस के मुताबिक, ग्राम सिनोधा निवासी 19 वर्षीय उमेश कुमार वर्मा ने 17 नवंबर को थाना भाटापारा ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 16 नवंबर को गांव के राहुल यदु ने उसे फोन कर जानकारी दी कि ग्राम गोरदी निवासी पोषण गिरी गोस्वामी कच्चा सोना बेच रहा है। इसके बाद पोषण गिरी गोस्वामी ने उमेश को फोन कर सोनबरसा के पास मिलने बुलाया। रात करीब 9 बजे तालाब के पास आरोपी ने उसे सोने जैसा दिखने वाला एक टुकड़ा दिखाया और इसके बदले 20 हजार रुपये नगद ले लिए। अगले दिन सुबह जब उमेश ने उस टुकड़े को धूप में अच्छी तरह देखा तो पता चला कि वह असली सोना नहीं, बल्कि नकली है। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी देकर वहां से चला गया।
पूछताछ में दूसरे साथी का भी खुलासा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नामजद आरोपी पोषण गिरी गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने ग्राम सोनबरसा से दूसरे आरोपी मौसम महिलांगे को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल किया गया नकली सोने का टुकड़ा जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  • पोषण गिरी गोस्वामी (23 वर्ष), निवासी ग्राम गोरदी, थाना हथबंद।
  • मौसम महिलांगे (20 वर्ष), निवासी मिशन परसाभदेर, थाना सिटी कोतवाली।

पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सस्ते में सोना या कीमती धातु बेचने के नाम पर मिलने वाले प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना जांच-पड़ताल के सोना या अन्य कीमती वस्तु न खरीदें। इस तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर देने की अपील की गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts