छत्तीसगढ़रायपुर

भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘मोहब्बत की दुकान’ की आड़ में भर्ती माफिया

रायपुर (विश्व परिवार)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि एक तरफ राहुल गांधी देशभर में घूम-घूमकर ‘मोहब्बत की दुकान’, संविधान की दुहाई और छात्र हित की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता और मंत्री भर्ती माफिया बनकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। श्री श्रीवास ने उत्तराखंड में वर्ष 2016 के दौरान कांग्रेस शासनकाल में हुए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षित ओएमआर शीट को निजी एजेंसी को सौंपकर और खाली सीटों को भरकर लाखों युवाओं के सपनों पर पानी फेरा गया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास ने ईडी की कार्रवाई और बरामदगी की चर्चा करते हुए बताया कि 10 सितंबर को प्रवर्तन निदेशालय ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन ओएसडी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोना और रोलेक्स, राडो, मोवाडो तथा टिसॉट जैसी बेहद महंगी घड़ियों का संग्रह बरामद हुआ है। यह अकूत संपत्ति युवाओं के हक को मारकर और भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी कर जुटाई गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद अब यह दलील दी जा रही है कि जब्त रकम पार्टी का चंदा है। श्री श्रीवास ने जाँच एजेंसियों से मांग की कि जिस-जिस मद से यह कथित चंदा आया है, उन आधिकारिक बैंक खातों की गहन जाँच की जाए और दानदाताओं के नाम सार्वजनिक किए जाएँ। श्री श्रीवास ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या यह कांग्रेस का कोई खास ‘चंदा मॉडल’ है, जिससे गांधी परिवार के ऐशो-आराम की व्यवस्था की जा रही है? भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि अपने तीन साल के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के संरक्षण के बिना उनका ओएसडी इतने बड़े घपले को अंजाम नहीं दे सकता था। अब जाँच से बचने के लिए इस्तीफे का नाटक किया जा रहा है, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी। श्री श्रीवास ने जाँच एजेंसी से मांग की कि इस पूरे भर्ती घोटाले की निष्पक्ष और पूरी जाँच हो तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी गिरफ्तार कर मामले की तह तक जाया जाए। साथ ही भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी की इस मुद्दे पर चुप्पी को रहस्यमयी बताते हुए उनसे भी स्पष्टीकरण की मांग की।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भ्रष्टाचार का एक नया मॉडल खड़ा कर दिया है, जिसे योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। श्री श्रीवास ने आरोप लगाया कि कर्नाटक सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली और उनके परिवार की विदेशों में संपत्तियां और निवेश सामने आए हैं। श्री श्रीवास ने दावा किया कि ईडी के छापों में बरामद दस्तावेजों से सामने आया है कि कांगो की गोल्ड माइनिंग कम्पनी (मैग्नीट्यूड स्टार आरएसएल) में सतीश जारकीहोली की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके अलावा जाम्बिया की कम्पनियों में भी निवेश के सबूत मिले हैं। श्री श्रीवास ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में जारकीहोली की सांसद बेटी प्रियंका जारकीहोली, बेटे राहुल और बहन महादेवी के नाम विदेशी निवेश दस्तावेजों में शामिल हैं। बेंगलुरु और बेलगावी में 21 ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान करीब 3.30 करोड़ रुपये की अघोषित नकदी और 15 लाख मूल्य की विदेशी मुद्रा (यूरो/डॉलर) बरामद की गई है। श्री श्रीवास ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में एनएच-74 भूमि अधिग्रहण घोटाले के तहत किसानों के खातों से 5 करोड़ रुपये सीधे कांग्रेस के चुनावी खाते में ट्रांसफर किए जाने के प्रमाण ईडी ने पेश किए हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री श्रीवास ने कांग्रेस के चुनावी खातों, चंदा देने वालों के नाम और उनके आयकर रिटर्न को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि एक तरफ मोहब्बत की दुकान की बात की जाती है, दूसरी तरफ विदेशों में सोने की खदानें खरीदी जा रही हैं। छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं में हुए घोटालों और भ्रष्टाचार के कारण दर्जनभर अधिकारी आज सेंट्रल जेल में बंद हैं। श्री श्रीवास ने मांग की कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व कर्नाटक, उत्तराखंड व तेलंगाना जैसे राज्यों में सामने आ रहे भ्रष्टाचार और जनता की गाढ़ी कमाई को विदेशों में भेजने के इन मामलों पर देश के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करें। इस दौरान प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्रवीण साहू भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts