छत्तीसगढ़रायपुर

साहू समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन 6 दिसंबर को, पंजीयन की तारीख बढ़ी

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में साहू समाज का भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आगामी 6 दिसंबर 2026 को संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में आयोजित किया जाएगा। शहर जिला साहू संघ, रायपुर के तत्वावधान में होने वाले इस सम्मेलन में प्रदेशभर से विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल होकर मंच से अपना परिचय देंगे और अपने लिए सुयोग्य जीवनसाथी की तलाश करेंगे। सम्मेलन में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
सम्मेलन को लेकर शहर जिला साहू संघ ने पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर 2026 कर दी है। पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित थी, लेकिन सामाजिक बंधुओं के आग्रह पर इसे पांच दिन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू सहित प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विवाह योग्य युवक-युवतियों की परिचय पत्रिका ‘मोर संगवारी’ का विमोचन होगा। इस पत्रिका में पंजीकृत प्रतिभागियों का परिचय प्रकाशित किया जाएगा और इसे उन्हें वितरित भी किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन में एक विशेष पहल करते हुए युवक-युवतियों और उनके परिजनों के बीच आपसी संवाद एवं काउंसिलिंग के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की गई है। इससे परिवारों को एक-दूसरे को समझने और भावी रिश्तों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।
दिलीप साहू ने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिजनों से निर्धारित समय सीमा में पंजीयन कराने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर जिला साहू संघ के सभी पदाधिकारी, 10 परिक्षेत्रों एवं 70 वार्डों के अध्यक्ष-पदाधिकारी, सामाजिक पार्षद, एल्डरमेन और समाज के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
प्रेसवार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष लीलाधर साहू, जिला उपाध्यक्ष ऋषि साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, महामंत्री कमल नारायण साहू, गिरधर साहू, संगठन सचिव माखन लाल साहू, संपादक सुंदर लाल साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts