देशनई दिल्ली

भारत-कनाडा व्यापार में 88% की बढ़ोतरी, 2030 तक 70 अरब डॉलर का लक्ष्य; CEPA समझौते पर बातचीत तेज

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। कनाडा के ओंटारियो प्रांत के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं व्यापार मंत्री और कैबिनेट अध्यक्ष विक्टर फेडेली ने नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि 2018 के बाद से ओंटारियो और भारत के बीच व्यापार में 88 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो दोनों पक्षों के बढ़ते आर्थिक जुड़ाव को दर्शाती है।
फेडेली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रीमियर फोर्ड के नेतृत्व में ओंटारियो सरकार भारत के साथ निर्यात और साझेदारी को और मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।
उन्होंने पीयूष गोयल के साथ हुई बैठक को सम्मान की बात बताते हुए कहा कि इसमें कनाडा के भारत के साथ नए सिरे से मजबूत हो रहे व्यापारिक संबंधों की उपलब्धियों, साझा आर्थिक हितों और निवेश संबंधों को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने संसद भवन का भी दौरा किया।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारत और कनाडा अपने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
इस महीने की शुरुआत में पीयूष गोयल ने कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। इस बैठक में CEPA वार्ता की प्रगति और द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई थी।
भारत और कनाडा का लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 70 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक करना है। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 30.4 अरब कनाडाई डॉलर था। प्रस्तावित व्यापार समझौते से बाजार तक पहुंच बेहतर होने, व्यापार के अवसर बढ़ने और निवेश को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार 8.66 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था।
CEPA के लिए बातचीत नवंबर 2010 में शुरू हुई थी। वर्ष 2017 तक इसके 10 दौर की वार्ता हुई, लेकिन बाद में प्रक्रिया रुक गई। द्विपक्षीय संबंधों में नए सिरे से सुधार के बाद बातचीत को फिर गति मिली।
2 मार्च 2026 को पीयूष गोयल और मनिंदर सिद्धू ने नई दिल्ली में इस समझौते के लिए संदर्भ शर्तों (Terms of Reference-ToR) पर हस्ताक्षर किए थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भी मौजूद थे।
वार्ता का दूसरा दौर 4 से 8 मई 2026 तक नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में आयोजित हुआ था। इसमें वस्तुओं और सेवाओं का व्यापार, बौद्धिक संपदा, मूल स्थान के नियम (Rules of Origin) और स्वच्छता संबंधी उपायों सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसके बाद ओटावा में हुई वार्ता और नवंबर 2026 में जारी बातचीत के जरिए समझौते की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। दोनों देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिसंबर 2026 में प्रस्तावित कनाडा यात्रा से पहले इस समझौते को अंतिम रूप देने और इसकी घोषणा करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
प्रस्तावित CEPA का उद्देश्य बाजार तक पहुंच बेहतर बनाकर, व्यापार के नए अवसर पैदा करके और निवेश को प्रोत्साहित कर भारत-कनाडा के आर्थिक सहयोग को मजबूत करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts