छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का सातवां दिन रोमांच से भरपूर

कुआकोंडा ए की शानदार जीत, गीदम ए और बारसूर बी दबंग के मुकाबले में दिखा जबरदस्त संघर्ष |

नितेश मार्क/दंतेवाड़ा
अमर शहीद जवानों की पावन स्मृति में दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत आयोजित शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का सातवां दिन खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक और यादगार रहा। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शहीदों को सच्ची खेल भावना के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन एवं, विजय यादव की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर नगर उप पुलिस अधीक्षक नसरूल्ला सिद्दकी, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, सिटी कोतवाली निरीक्षक धनंजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, क्रिकेट प्रेमी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
पहला मुकाबला : कुआकोंडा ए बनाम 9वीं वाहिनी
सातवें दिन का पहला मुकाबला कुआकोंडा ए और 9वीं वाहिनी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर 9वीं वाहिनी ने गेंदबाजी का निर्णय लिया।
बल्लेबाजी करते हुए कुआकोंडा ए की टीम ने 118 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में 9वीं वाहिनी की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 8 ओवर में 52 रन पर ऑल आउट हो गई।
कुआकोंडा ए ने यह मुकाबला 66 रनों से अपने नाम किया।
इस मैच में तुषार ने शानदार 40 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।
दूसरा मुकाबला : बारसूर बी दबंग बनाम गीदम ए
दूसरा मैच बारसूर बी दबंग और गीदम ए के मध्य खेला गया। बारसूर बी दबंग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए गीदम ए की टीम ने 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बारसूर बी दबंग की टीम 9.1 ओवर में 86 रन पर ऑल आउट हो गई।
गीदम ए ने यह मुकाबला 20 रनों से जीत लिया।
इस मैच के मैन ऑफ द मैच रतन रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
दिन का अंतिम और निर्णायक मुकाबला : कुआकोंडा ए बनाम गीदम ए
दिन का अंतिम मुकाबला कुआकोंडा ए और गीदम ए के बीच खेला गया |
टॉस जीतकर गीदम ए ने गेंदबाजी का फैसला लिया। कुआकोंडा ए की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 104 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गीदम ए की पूरी टीम 9.2 ओवर में 78 रन पर ऑल आउट हो गई।
कुआकोंडा ए ने यह मैच 26 रनों से जीतकर क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रवेश किया।
इस मुकाबले में ऋषभ राठौर ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए 27 रन बनाए और 3 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
शौर्य, खेल भावना और उत्साह का संगम
शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का सातवां दिन खेल भावना, अनुशासन और देश के अमर शहीदों के प्रति सम्मान का जीवंत उदाहरण बना। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts