रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नगर निगम जोन-4 कार्यालय पहुंचकर रायपुर दक्षिण विधायक निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जोन-4 के वार्डों में स्वीकृत विकास कार्य अब तक शुरू नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और फटकार लगाई।
सुनील सोनी ने जोन-4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी और कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूरी कर विधायक निधि से स्वीकृत सभी विकास कार्य शुरू करवाए जाएं। उन्होंने नए स्वीकृत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए।
दक्षिण विधायक ने जोन-4 क्षेत्र के वार्डों में वर्तमान सफाई व्यवस्था को लचर बताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को वार्डों में पार्षदों के साथ भ्रमण कर जनता के बीच पहुंचने और उनकी समस्याएं सुनकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने कहा।
उन्होंने वार्डों में पाइप लाइन सुधार और केबल डालने के नाम पर बार-बार सड़कों की खुदाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सड़क खुदाई को तत्काल रोककर सुव्यवस्थित योजना के तहत कार्य करवाने के निर्देश दिए।
नगर निगम जोन-4 कार्यालय पहुंचने पर पार्षदों और अधिकारियों ने बुके देकर सुनील सोनी का स्वागत किया।
समीक्षा बैठक में जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, संजना हियाल, पार्षद अजय साहू, कार्यपालन अभियंता जल नर सिंह फरेन्द्र, सहायक अभियंता दीपक देवांगन सहित जोन-4 के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।







