रायपुर (विश्व परिवार)। 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नर प्रणाली प्रदेश में लागू हो गई है। छग के पहले पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार ग्रहण के साथ ही मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए प्रदेश शासन ने अच्छी व अनुभवी टीम की तैनाती की है। हम सब मिलकर अपराधों के नियंत्रण के लिए लगातार मानिटरिंग के साथ अपराधों को घटाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हिस्ट्री शिटर अपराधियों की सूची बनाई जाएगी। गंभीरअपराधों से ग्रस्त असामाजिक तत्वों को जिला ब्रदर किया जाएगा। राजधानी सहित प्रदेश में होने वाले अपराधों को रोकने के लिए पुलिस थाने के प्रभारियों को भी जनता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये जाएंगे। पुलिस जनता की मित्र है इस भावना के तहत पुलिस टीम कार्य करेगी। महाराष्ट्र की तर्ज में लागू पुलिस कमिश्नर प्रणाली का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि पुलिस को कलेक्टर के आदेश का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्वमेव संज्ञान के साथ पुलिस कार्रवाई करेगी। डॉ. संजीव शुक्ला ने यह भी कहा कि कानून के सम्मुख सभी सामान है। किसी भी अपराधी को दोषी पाये जाने पर नहीं छोड़ा जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य शासन ने जिस विश्वास के साथ मुझ़े पुलिस कमिश्नर बनाया है उसमें वे स्वयं और उनकी अधिकारियों की टीम खरा उतरने के लिए पुरजोर प्रयास जारी रखेगी।




