रायपुर (विश्व परिवार)। सिविल लाइन स्थित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मंगल भवन में पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भारतीय बौद्ध महासभा छत्तीसगढ़ प्रदेश ने महापौर को ज्ञापन सौंपा। महासभा ने भवन की व्यवस्थाओं में सुधार कराने की मांग की है।
महासभा के प्रदेश महासचिव बेनीराम गायकवाड़ ने बताया कि उक्त भवन का निर्माण तत्कालीन मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के कार्यकाल में कराया गया था। वर्तमान में भवन में पानी, लाइट और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में स्पा सेंटरों को लेकर भी शिकायत की गई है। महासभा ने स्पा सेंटरों में विश्व शांति के प्रणेता तथागत गौतम बुद्ध के छायाचित्र को हटाए जाने तथा कुछ सेंटरों में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया। संगठन ने ऐसे स्पा सेंटरों के लाइसेंस की जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।
महासभा के प्रतिनिधियों के अनुसार, महापौर ने ज्ञापन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान जिला महासचिव अजय शेन्द्रे, कोषाध्यक्ष विनायक वरगढ़, उपाध्यक्ष हितेश गायकवाड़, राहुल रामटेके, विनोद मेश्राम, युवा विंग के महासचिव अरुण बागड़े और कोषाध्यक्ष अभिषेक डोंगरे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।







