बीजापुर (विश्व परिवार)। जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच चल रही मुठभेड़ में अब तक दो माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। घटनास्थल से एक एके-47 राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल सहित अन्य हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। दक्षिण बस्तर क्षेत्र में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम अभियान पर निकली थी, जहां सुबह लगभग 7 बजे से रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है।
सर्चिंग के दौरान अब तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शव बरामद हुए हैं। हालांकि, अभियान अभी भी जारी है, इसलिए ऑपरेशन स्थल, सुरक्षा बलों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारियाँ सुरक्षा कारणों से साझा नहीं की जा रही हैं।
सुरक्षा बलों द्वारा आसपास के इलाके में सघन सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।





