नई दिल्ली (विश्व परिवार)। । केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की उपस्थिति में सिउड़ी रोड ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया, कुमारपुर रोड ओवर ब्रिज को राष्ट्र को समर्पित किया तथा नई आसनसोल–बोकारो रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई।
इस अवसर पर विधायक अनुप कुमार साहा, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय सहित अन्य गणमान्य अतिथि सिउड़ी में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल एवं इसके समीपवर्ती क्षेत्रों में रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने, सुरक्षा बढ़ाने तथा क्षेत्रीय संपर्क में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पश्चिम बंगाल के लिए रेलवे को 14,205 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटन किया गया है, जो पूर्ववर्ती शासनकाल की औसत वार्षिक राशि से तीन गुना से भी अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में लगभग 92,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जो राज्य के अवसंरचनात्मक परिवर्तन को गति देंगी।
रेल मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल के लोगों की रेल संपर्क सुविधाओं में वृद्धि हेतु एक दर्जन से अधिक नई रेलगाड़ियों का शुभारंभ किया गया है। यह उल्लेखनीय है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन तथा पहली अमृत भारत ट्रेन का संचालन पश्चिम बंगाल से प्रारंभ हुआ है। यह माननीय प्रधानमंत्री द्वारा पूर्वी भारत के विकास हेतु अपनाई गई ‘पूर्वोदय’ की दूरदर्शी पहल को दर्शाता है।
माननीय श्री वैष्णव ने बताया कि इस वर्ष के रेल बजट में पश्चिम बंगाल के लिए पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की घोषणा की गई है, जो सिलिगुड़ी से प्रारंभ होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाले पूर्व–पश्चिम समर्पित माल गलियारे को भी स्वीकृति दी गई है। उत्तर बंगाल के ‘चिकन नेक’ क्षेत्र में सुरक्षित एवं निर्बाध परिवहन सुनिश्चित करने हेतु एक भूमिगत रेल कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है।
रेल मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, किंतु राज्य सरकार के सहयोग के अभाव में कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में संपर्क सुधार हेतु 17 रेलवे परियोजनाएं प्रस्तावित/प्रगति पर हैं, जिनकी समयबद्ध पूर्णता के लिए राज्य सरकार का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार से जनहित में सहयोग की अपील की।
सिउड़ी में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन राज्य में रेल अवसंरचना सुदृढ़ करने, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने तथा क्षेत्रीय संपर्क सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सिउड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इससे अत्यधिक लाभ होगा, दैनिक आवागमन सुगम होगा, यातायात जाम की समस्या कम होगी तथा यात्रा समय में कमी आएगी।
सिउड़ी रेलवे स्टेशन के समीप लेवल क्रॉसिंग संख्या 22B/T के स्थान पर निर्मित रोड ओवर ब्रिज का निर्माण 42 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह पुल लेवल क्रॉसिंग पर लंबे इंतजार को समाप्त कर यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा। इससे भीड़भाड़ कम होगी, दुर्घटनाओं की संभावना घटेगी तथा आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी।
इसके अतिरिक्त, बाराचक–हिरापुर यार्ड लाइन के बीच लेवल क्रॉसिंग संख्या 1Spl/E के स्थान पर कुमारपुर में निर्मित रोड ओवर ब्रिज को 55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह पुल जीटी रोड कॉरिडोर पर स्थित है, जो आसनसोल शहर, पश्चिम बर्धमान जिले के बड़े हिस्से एवं झारखंड को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इससे राज्य एवं पड़ोसी राज्यों के बीच व्यापार एवं यातायात को गति मिलेगी तथा आसनसोल क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा।
इसी अवसर पर आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी के बीच नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया, जिससे देश के दो प्रमुख इस्पात केंद्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। यह सेवा औद्योगिक श्रमिकों, दैनिक यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान एवं पुरुलिया जिलों तथा झारखंड के बोकारो जिले से होकर संचालित होगी।
उद्घाटन के अवसर पर आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी मेमू उद्घाटन विशेष 08.02.2026 को सायं 17:00 बजे आसनसोल से रवाना होकर 21:45 बजे बोकारो स्टील सिटी पहुंची।
नियमित रूप से 63592/63591 आसनसोल–बोकारो स्टील सिटी–आसनसोल मेमू पैसेंजर का संचालन 10 फरवरी 2026 से किया जाएगा। यह 08 कोच की मेमू रेक से संचालित होगी तथा रविवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
63592 आसनसोल से सुबह 07:00 बजे प्रस्थान कर 11:15 बजे बोकारो स्टील सिटी पहुंचेगी।
63591 बोकारो स्टील सिटी से 15:40 बजे चलकर 19:30 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बर्नपुर, दामोदर, मधुकुंडा, मुराडीह, रामकनाली, बेरो, जयचंडी पहाड़, गढ़रूबेश्वर, अनारा, बगालिया, कुस्तौर, छर्रह, पुरुलिया, गौरीनाथधाम, चास रोड, गरजईपुर, दमरूघुटू, पुंडाग, राधागांव स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस शुभ अवसर पर आसनसोल स्टेशन पर माननीय सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो उपस्थित रहे, जबकि कुमारपुर में माननीय विधायक अजय कुमार पोद्दार एवं माननीय विधायक अग्निमित्रा पॉल की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मिलिंद देउसकर, महाप्रबंधक, पूर्वी रेलवे ने सिउड़ी कार्यक्रम स्थल पर सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।





