नई दिल्ली (विश्व परिवार)। टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले को लेकर पाकिस्तान के यू-टर्न पर देश की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर विभिन्न राज्यों के नेताओं और विपक्षी दलों तक, सभी ने पाकिस्तान के इस कदम पर अलग-अलग नजरिए से अपनी बात रखी है।
गिरिराज सिंह का पाकिस्तान पर हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पाकिस्तान की हालत पर दया आती है। उन्होंने कहा कि चाहे खेल का मैदान हो या युद्ध का मैदान, पाकिस्तान हर जगह हार रहा है और आज दुनिया भर में मदद की भीख मांगने की स्थिति में है। गिरिराज सिंह ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी मोर्चे पर मजबूती से खड़ा नहीं हो पा रहा है और उसकी स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
संजय निषाद बोले- देश की भावनाएं सर्वोपरि
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि सरकार देश की जनता की भावनाओं के साथ खड़ी है और आगे भी ऐसा करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी पूरे देश और दुनिया का प्रतिनिधित्व करते हैं। जब खिलाड़ी जीतते हैं, तो देश जीतता है। खेल को खेल की भावना से देखा जाना चाहिए, लेकिन देश की भावनाएं सबसे ऊपर हैं और उनसे समझौता नहीं किया जा सकता।
भाजपा प्रवक्ता ने आईसीसी और बीसीसीआई की भूमिका बताई
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भारत की नीति इस मुद्दे पर बिल्कुल स्पष्ट है। उन्होंने बताया कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होते हैं, तो कई बार भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से भी इनकार कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक अंतरराष्ट्रीय दायित्व से जुड़ा मामला है, जहां आईसीसी की भूमिका अहम होती है। बीसीसीआई एक स्वतंत्र संस्था है और वह आईसीसी के नियमों के अनुसार ही काम करती है।
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने पाकिस्तान के फैसले पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इतने नाटक और हंगामे के बाद पाकिस्तान खेलने के लिए तैयार हुआ, लेकिन सवाल यह है कि सीजफायर के तुरंत बाद मैच क्यों रखे गए और एक टी20 मैच को लेकर इतना बवाल क्यों किया गया।
तमाम ड्रामे के बाद पाकिस्तान ने किया खेलने का फैसला
उन्होंने आशंका जताई कि यह मामला कहीं न कहीं व्यावसायिक हितों से जुड़ा हुआ है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच का व्यावसायिक मूल्य बहुत अधिक होता है। उनके मुताबिक, तमाम ड्रामे के बाद पाकिस्तान ने आखिरकार खेलने का फैसला किया, लेकिन कई सवाल अब भी बने हुए हैं।
सपा सांसद का तंज
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव कुमार राय ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमेशा दूसरों की सोच और फैसलों पर निर्भर रहना आत्मनिर्भरता नहीं कहलाता।





