देशदेश-विदेशनई दिल्ली

कनाडा के पीएम मार्क कार्नी 27 फरवरी से भारत दौरे पर, मोदी से होगी वार्ता

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर मार्क कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह कार्नी की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
मुंबई में व्यावसायिक कार्यक्रमों में भागीदारी
27 फरवरी को कार्नी मुंबई पहुंचेंगे। अगले दो दिनों में वे विभिन्न व्यावसायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और भारत व कनाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, उद्योग व वित्तीय विशेषज्ञों, नवप्रवर्तकों, शिक्षाविदों तथा भारत में स्थित कनाडाई पेंशन फंड प्रमुखों से बातचीत करेंगे।
नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता
कार्नी 1 मार्च को नई दिल्ली पहुंचेंगे। 2 मार्च को दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह बैठक कनानास्किस (जून 2025) और जोहान्सबर्ग (नवंबर 2025) में हुई पिछली मुलाकातों पर आधारित होगी।
व्यापार, ऊर्जा और नवाचार पर फोकस
वार्ता के दौरान व्यापार और निवेश, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, अनुसंधान व नवाचार सहित प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जन-संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा होगी तथा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
सीईओ फोरम में संयुक्त भागीदारी
मोदी और कार्नी बाद में आयोजित भारत-कनाडा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के फोरम में भी भाग लेंगे, जहां उद्योग जगत के साथ सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा होगी।
द्विपक्षीय संबंधों के लिए महत्वपूर्ण मोड़
यह दौरा भारत-कनाडा संबंधों को सुदृढ़ बनाने के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हो रहा है। दोनों देशों ने एक रचनात्मक और संतुलित साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की है, जो पारस्परिक सम्मान, मजबूत जन-संबंधों और बढ़ती आर्थिक पूरकता पर आधारित होगी। आगामी बैठक दूरदर्शी साझेदारी को नई गति देने का अवसर मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts