भिलाई

​भिलाई निगम की राजस्व वृद्धि हेतु नई पहल, अब डोर-टू-डोर मैपिंग मशीन से होगी संपत्तिकर की सटीक गणना

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई के राजस्व आय में वृद्धि करने और कर संग्रहण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता एवं अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।
निगम क्षेत्र के अंतर्गत बकाया संपत्तिकर की राशि को शीघ्र वसूल करने के लिए रणनीति तैयार की गई । राजस्व आय बढ़ाने के लिए अब पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नई तकनीकों का समावेश किया जाएगा। निगम द्वारा अधिकृत एजेंसी और निगम के कर्मचारी घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे।
​सर्वे के दौरान नई मैपिंग मशीन का उपयोग किया जाएगा। इस मशीन के माध्यम से किसी भी भवन या भूमि के वास्तविक क्षेत्रफल का सटीक आंकड़ा प्राप्त किया जा सकेगा।
​इस तकनीक की सहायता से भवन एवं भूमि स्वामियों द्वारा जमा किए गए ‘स्व-विवरणी’ फॉर्म की सत्यता की जांच की जाएगी। यदि गणना में अंतर पाया जाता है, तो नियमानुसार सुधार कर राजस्व की वसूली की जाएगी।
​बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने स्पष्ट किया कि राजस्व वृद्धि निगम के विकास कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में निगम के वरिष्ठ राजस्व अधिकारी एवं अधिकृत एजेंसी के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts