छत्तीसगढ़रायपुर

भूपेश की सुरमई तान, चूहों के नाम और 7 करोड़ का धान, छत्तीसगढ़ में छिड़ा सियासी फाग

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ की सियासत में इस बार फाग का रंग ‘गुलाबी’ नहीं, बल्कि ‘घोटाले’ के आरोपों से रंगा हुआ है। कवर्धा में हुए 7 करोड़ के कथित धान घोटाले को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने एक अनूठा मोर्चा खोला है। इस मोर्चे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और प्रवक्ताओं ने खुद अपनी आवाज दी है। फाग गीत की सुर-ताल के बीच भाजपा सरकार पर तीखे कटाक्ष की पिचकारी छोड़ी गई है, जिसे कांग्रेस ने सांस्कृतिक व्यंग्य का नाम दिया है।
होली पर सुरों में सजे तंज
कांग्रेस के इस फाग गीत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ पार्टी के कई दिग्गजों का स्वर गूंज रहा है। गीत की पंक्तियां सीधे तौर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली पर ‘सांय-सांय’ वाले तंज के साथ प्रहार करती हैं। भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं की सामूहिक आवाज ने इस गीत को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिससे चुनावी माहौल में ‘चूहे’ (मुसवा) चर्चा का केंद्र बन गए हैं।
मुसवा और सांय-सांय की जुगलबंदी
दे दे बुलउवा मुसवा को सांय-साय, मुसवा बिन घोटाला नईं होय, 7 करोड़ का धान घोटाला, दे दे बुलउवा विष्णुजी सांय-सांय. इस तरह के गीत छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों में गूंज रहे हैं।
26 हजार क्विंटल धान और ‘चूहों’ का बहाना
पूरा विवाद कवर्धा के बाजार चारभांठा और बघर्रा केंद्रों से शुरू हुआ, जहां 26 हजार क्विंटल धान गायब पाया गया. इस भारी-भरकम कमी पर जब जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने यह कहा कि धान को चूहे, दीमक और कीड़े खा गए होंगे, तो विपक्ष को बैठे-बिठाए एक बड़ा मुद्दा मिल गया। कांग्रेस अब गाने के जरिए पूछ रही है कि क्या ये चूहे सरकार के संरक्षण में ‘सांय-सांय’ घोटाला कर रहे हैं?
डीएमओ का निलंबन, होली से पहले शासन की ‘सफाई’
मामले की गंभीरता और विपक्ष के बढ़ते सुरों को देखते हुए मार्कफेड ने आनन-फानन में डीएमओ को निलंबित कर दिया है। शासन का कहना है कि पारदर्शिता से समझौता नहीं होगा, लेकिन कांग्रेस इसे ‘लीपापोती’ बता रही है। भूपेश बघेल की आवाज में गूंजता यह फाग संदेश दे रहा है कि निलंबन तो सिर्फ झांकी है। असली खेल तो अभी बाकी है।
फाग के बहाने भ्रष्टाचार का होलिका दहन
छत्तीसगढ़ की परंपरा में फाग के जरिए बुराइयों पर प्रहार किया जाता है, इस बार कांग्रेस ने भूपेश बघेल की कडक़ आवाज को ‘लीड वोकल’ बनाकर यह संदेश दिया है कि वे सदन से लेकर सडक़ तक और अब लोक संगीत के जरिए भी सरकार को घेरने से पीछे नहीं हटेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts