छत्तीसगढ़रायपुर

धान खरीदी और शिक्षक भर्ती पर सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल-सरकार से स्पष्टीकरण की मांग

रायपुर (विश्व परिवार)। प्रदेश में धान खरीदी और शिक्षक भर्ती को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए धान खरीदी प्रक्रिया और शिक्षकों की भर्ती को लेकर अपनी पार्टी का पक्ष रखा।
दीपक बैज ने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्टर में कांग्रेस नेताओं द्वारा धान बिक्री से प्राप्त राशि को लेकर सवाल उठाए गए हैं, जिसे उन्होंने अनावश्यक राजनीति बताया। उनका कहना था कि यदि कोई जनप्रतिनिधि किसान है, तो अपनी उपज का भुगतान प्राप्त करना स्वाभाविक प्रक्रिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों के आंकड़े सार्वजनिक किए जाने चाहिए, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके।
धान खरीदी के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि कुछ किसानों को भुगतान और खरीदी प्रक्रिया को लेकर असंतोष की स्थिति है। उन्होंने सुझाव दिया कि किसानों को भुगतान की दर और अंतर राशि के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
इसके साथ ही शिक्षक भर्ती के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने अपनी बात रखी। बैज ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षक पद रिक्त हैं और भर्ती प्रक्रिया को व्यापक स्तर पर किया जाना चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिल सके।
इस पूरे मुद्दे पर अब राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है और आने वाले समय में इस पर और स्पष्टता आने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts