छत्तीसगढ़रायपुर

पोस्टर से बीजेपी का हमला! भूपेश बघेल और दीपक बैज पर साधा निशाना

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर पोस्टर के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस बार भाजपा ने राज्यसभा प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसा है।
भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के सामने हाथ जोडक़र खड़े दिखाया गया है। पोस्टर में व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी दर्शाया गया है कि भूपेश बघेल अपने बेटे को और दीपक बैज खुद को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं पोस्टर में प्रियंका गांधी को यह कहते हुए दिखाया गया है कि फूलोदेवी नेताम ने उनकी मां की सेवा में पूरा समर्पण दिया था।
पोस्टर में भाजपा ने तंज कसते हुए लिखा है कि गुलाब का फूल बिछाकर स्वागत करने के बाद भी भूपेश बघेल और दीपक बैज पर फूलोदेवी की सोनिया सेवा भारी पड़ गई।
हालांकि इस मुद्दे पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह सवाल किसी की चली या नहीं चली का नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जो तीन राज्यसभा सांसद बने थे, उन्हें लोग पहचानते भी नहीं थे, लेकिन अब कम से कम जनता उन्हें पहचानने लगी है।
वहीं दुर्ग जिले में सामने आए अफीम की खेती के मामले पर अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने यह खबर मीडिया में पढ़ी है। पार्टी इस बात की जांच करेगी कि संबंधित व्यक्ति भाजपा से जुड़े हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि जो भी गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, इसमें कांग्रेस या भाजपा का सवाल नहीं है।
इसके अलावा धान खरीदी को लेकर भूपेश बघेल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी के मुद्दे पर टिप्पणी करने का भूपेश बघेल को कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts