छत्तीसगढ़रायपुर

स्कूलों के आसपास नशे का कारोबार! नगर निगम की रेड में गुटखा-सिगरेट के पाउच जब्त, पान दुकानदारों को सख्त चेतावनी

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी में स्कूलों के आसपास खुलेआम बिक रही नशे की सामग्री पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-4 में नगर निवेश विभाग के उडऩदस्ता दल ने छत्तीसगढ़ कॉलेज, संत कँवरराम स्कूल और हिंदू हाई स्कूल समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित पान दुकानों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी मात्रा में गुटखा, तंबाकू, सिगरेट और पान मसाला के पाउच जब्त किए।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई पान दुकानों में छात्रों के आसपास नशे से संबंधित सामग्री बिक्री के लिए रखी गई थी। मौके पर ही नगर निगम की टीम ने कोटपा एक्ट के प्रावधानों के तहत इन सभी नशीले उत्पादों को जब्त कर लिया।
नगर निगम जोन-4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन, गुलाबचंद कर्ष सहित नगर निवेश विभाग और निगम मुख्यालय के उडऩदस्ता दल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित पान दुकान संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा स्कूलों के आसपास गुटखा, तंबाकू, सिगरेट या अन्य नशीली वस्तुओं की बिक्री करते पाए गए तो कोटपा एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि बच्चों और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे कारोबारियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts