- निर्माणाधीन कार्यो को समय- सीमा में पूरा कराने अधिकारियो को निर्देश
- फायर स्टेशन के लिये पनगांव में जमीन चिन्हांकित
बलौदाबाजार (विश्व परिवार)। लेक्टर कुलदीप शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने शुक्रवार शाम को बलौदाबाजार नगर में विभिन्न विकास कार्यो का जायजा लिया। इस दौरान निर्माणाधीन कार्यो को गुणवत्तापूर्ण एवं समय- सीमा में पूरा कराने अधिकारियो को निर्देश दिये।
29 क्वाटर्स के पास निर्माणाधीन नालंदा परिसर निर्माण के निरीक्षण के दौरान धीमा निर्माण एवं लेबर की कम संख्या पर नारजगी जाहिर करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ठेकेदार को नोटिस जारी करने और समय पर काम नहीं होने पर पेनाल्टी लगाने निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि यह राज्य शासन की महत्वाकांक्षी परियोजना है इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।नालंदा परिसर की ड्राइंग डिजाइन के सम्बन्ध में इंज़ीनियर से जानकारी ली गई । बताया गया कि नालंदा परिसर लगभग 250 विद्यार्थी क्षमता की होगी। भवन में भू तल व प्रथम तल का निर्माण होग़ा। इसके साथ ही पार्किंग, गॉर्ड रूम और 3 कैफेफेटेरिया भी बनेगा। नालंदा परिसर का निर्माण 4 करोड़ से अधिक की लागत से किया जा रहा है जिसमें प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी हेतु सर्व सुविधा युक्त लाइब्रेरी होगी। आगामी जून माह तक पूर्णता की समय सीमा निर्धारित है। इसके पश्चात निर्माणाधीन वृहद पानी टंकी का निरीक्षण किया गया एवं जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिये। यहां लगभग 85 लाख लीटर क्षमता की वृहद पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है। नवीन सब्जी मण्डी एवं रामसागर तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया गया।
इसके पश्चात् फायर स्टेशन निर्माण हेतु शहर के नजदीक पनगांव में गोठान के पास जमीन चिन्हांकित कर आबंटन हेतु नस्ती तैयार करने के निर्देश दिये। नवनिर्मित चौपाटी में विभिन्न दुकानों का अवलोकन कर दुकान संचालकों से पूछ ताछ की गई। इसके साथ ही मुरुम तालाब के सौन्दर्यीकरण के सम्बन्ध में चर्चा की गई।
इस दौरान अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, एसडीएम प्रकाश कोरी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।





