छत्तीसगढ़रायपुर

राजधानी में चाकूबाजी का कहर: 24 घंटे में 4 वारदात, कई घायल

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटों के भीतर चाकूबाजी की चार बड़ी वारदातों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, शहर के कालीबाड़ी गांधी नगर, मौदहापारा, डीडी नगर और डबरापारा इलाकों में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई है। इन वारदातों के पीछे आपसी रंजिश और गैंगवार को मुख्य वजह बताया जा रहा है। सबसे गंभीर मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां पुरानी दुश्मनी के चलते बदमाशों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
अन्य इलाकों में भी बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। कालीबाड़ी गांधी नगर, डीडी नगर और डबरापारा में हुई घटनाओं में भी आरोपियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कई आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं। शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो गया है, जिसके चलते इस तरह की वारदातें लगातार बढ़ रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौदहापारा में पुरानी रंजिश पर चाकूबाजी, चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम मो. अल्ताफ और राशिद अली इफ्तारी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रवि रक्सेल और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया और दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौदहापारा थाने पहुंच गए और फिर मरही माता मंदिर के पास भीड़ जमा हो गई, जहां पथराव और मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना मौदहापारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रकरण में हत्या के प्रयास एवं बलवा से संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वहीं देर रात त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल एवं अभय रक्सेल को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
कालीबाड़ी में मारपीट और चाकूबाजी, तीन आरोपी गिरफ्तार
15 मार्च को सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर कालीबाड़ी में मारपीट की घटना हुई है, जिसमें गांधीनगर बस्ती में आमने सामने रहने वाले पड़ोसियों क्रमशः मोहित निहाल एवं अभिषेक सोनी के मध्य पूर्व से आपसी विवाद चला आ रहा था। 15 मार्च की रात गांधीनगर स्थित धनराज किराना दुकान के पास प्रार्थी अभिषेक सोनी अपने भाई के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान विक्रम बघेल, अभिषेक गुप्ता, अभिषेक बघेल उर्फ जादू, मोहित निहाल एवं उनके अन्य साथी वहां पहुँचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज एवं विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की एवं मारपीट की और चाकू से वार किया, जिससे प्रार्थी अभिषेक सोनी, उसके साथी समीर बघेल और बीच-बचाव करने आई उसकी बहन गुड्डी बघेल को हाथ में चोटें आई हैं।
घटना के संबंध में थाना सिटी कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन और डीसीपी क्राइम के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) एवं थाना सिटी कोतवाली रायपुर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts