रायपुर

शटर खोलने पर यू-टर्न! निगम पर भड़के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम द्वारा व्यापारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को शटर खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए थी और कांग्रेस पार्टी हमेशा व्यापारियों के साथ खड़ी रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर के निर्देश पर नगर निगम ने दुकानों के सामने लगे शटर सील कर दिए, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आकाश तिवारी ने यह मुद्दा लगातार नगर निगम में उठाया, लेकिन हर बार प्रशासन ने ट्रैफिक जाम का हवाला दिया। इस बीच बड़े त्योहार भी निकल गए और व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ा।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि व्यापारी गलत नहीं थे, तो इतने दिनों तक शटर सील रखने से हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा? क्या नगर निगम, विधायक, सांसद या महापौर इसकी जिम्मेदारी लेंगे?
आकाश तिवारी ने कहा कि आज 19 दुकानों के शटर खोल दिए गए हैं। यदि यही प्रक्रिया पहले अपनाई जाती, तो व्यापारियों को नुकसान नहीं होता। उन्होंने इसे नगर निगम का “यू-टर्न” बताते हुए पूछा कि पहले की कार्रवाई गलत थी या अब की?
उन्होंने महापौर पर व्यापारियों के साथ दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि यदि पहले ही व्यापारियों को पार्किंग व्यवस्था सुधारने की सलाह दी जाती, तो यह स्थिति नहीं बनती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा व्यापारियों के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि नगर निगम, विधायक या सांसद द्वारा आम जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय किया जाएगा, तो कांग्रेस पार्टी उसका कड़ा विरोध करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts