छत्तीसगढ़रायपुर

खल्लारी रोपवे हादसे पर विधायक पुरंदर मिश्रा का दुख, पीड़ित परिवार से मिलकर दी सांत्वना

रायपुर (विश्व परिवार)। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा ने खल्लारी मंदिर में हुए रोपवे हादसे में आयुषी धावरे के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद, हृदय विदारक एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस हादसे ने न केवल एक परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है, बल्कि पूरे क्षेत्र को शोक और संवेदना में डुबो दिया है।
विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को भीतर तक झकझोर देती हैं और हमें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सोमवार को विधायक पुरंदर मिश्रा स्वयं आयुषी धावरे के निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और हिम्मत बंधाई।
उन्होंने परिवार के प्रत्येक सदस्य से संवेदनशीलता के साथ चर्चा की और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस असहनीय पीड़ा की घड़ी में पूरा समाज और शासन-प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है।
इस दौरान विधायक श्री मिश्रा ने महासमुंद जिले के संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की सहायता में देरी न हो और सभी आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
विधायक श्री मिश्रा ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन एवं सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार की हर आवश्यकता का ध्यान रखा जाएगा और किसी भी स्तर पर उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
श्री मिश्रा ने अपने भावुक शब्दों में कहा कि आयुषी धावरे के विवाह समारोह में भी सम्मिलित हुए थे और उन्हें एक संस्कारी, सरल एवं होनहार बेटी के रूप में जानते थे। उन्होंने कहा कि “जब अपने क्षेत्र की बेटी इस तरह असमय हमें छोड़कर चली जाती है, तो यह पीड़ा केवल एक परिवार की नहीं रहती, बल्कि पूरे समाज की हो जाती है।”
उन्होंने आगे कहा कि आयुषी का जीवन भले ही अल्पकालिक रहा, लेकिन उनकी स्मृतियां सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।
अंत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि यह समय एकजुट होकर परिवार के साथ खड़े रहने का है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts