रायपुर (विश्व परिवार)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा “निधि आपके निकट 2.0” अभियान के तहत प्रदेशभर में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ के 20 जिलों में एक साथ कैंप लगाए जाएंगे।
इस अभियान का उद्देश्य अंशधारकों, पेंशनरों और नियोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। इन शिविरों में EPFO से जुड़े विभिन्न मामलों—जैसे खाते से संबंधित शिकायतें, पेंशन, क्लेम और अन्य सेवाओं—का निराकरण किया जाएगा।
प्रदेश के प्रमुख जिलों जैसे रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, धमतरी, कांकेर, राजनांदगांव, सरगुजा सहित कुल 20 जिलों में यह कैंप आयोजित होंगे। प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो शिविरों की निगरानी करेंगे।
रायपुर में यह शिविर एनएमडीसी सामुदायिक केंद्र, प्रियदर्शनी नगर में आयोजित किया जाएगा। वहीं अन्य जिलों में कलेक्टर कार्यालय, जनपद पंचायत, श्रम कार्यालय और अन्य प्रशासनिक स्थलों को आयोजन स्थल बनाया गया है।
EPFO ने सभी नियोक्ताओं, अंशधारकों और पेंशनरों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।





