छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर निगम की सामान्य सभा से पहले सियासी सरगर्मी, सभापति ने बुलाई बैठक

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर नगर पालिक निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने सभापति कक्ष में नगर निगम सत्ता पक्ष भारतीय जनता पार्टी, प्रतिपक्ष कांग्रेस, निर्दलीय पार्षदों की पृथक-पृथक बैठक लेकर उनसे नगर निगम रायपुर की 30 मार्च को प्रातः 11 बजे आहूत सामान्य सभा की बैठक के सुचारू संचालन हेतु सहयोग मांगा।
सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को सुझाव दिया कि वे सामान्य सभा में एक-दूसरे पर व्यक्तिगत टीका-टिप्पणी न करें और व्यक्तिगत आरोप लगने पर पार्षद उसका जवाब न दें। ऐसे मामलों में जवाब देने के लिए महापौर और संबंधित विभाग के अध्यक्ष सक्षम हैं। पार्षदगण नगर हित में खुलकर चर्चा करें, लेकिन समय बर्बाद न करें। लंबे समय बाद सामान्य सभा हो रही है, इसलिए जनहित के मुद्दों पर चर्चा कर नागरिकों के कल्याण हेतु समय का पूरा सदुपयोग करें।
सभापति सूर्यकान्त राठौड़ द्वारा बुलाई गई बैठक में सत्ता पक्ष भाजपा की बैठक में महापौर मीनल चौबे की विशेष उपस्थिति रही। सभी एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष और पार्षद मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों की पृथक-पृथक बैठकों में भी पार्षदों की उपस्थिति रही। सभी पार्षदों ने सभापति को सामान्य सभा का सुचारू संचालन करने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts