रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में तकनीकी शिक्षा मंत्री माननीय गुरु खुशवंत साहेब जी के मार्गदर्शन में एक बड़ा निर्णय लिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य के 585 शासकीय स्कूलों में लघु निर्माण एवं मरम्मत कार्यों हेतु ₹40 करोड़ 9 लाख 5 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। माननीय मंत्री गुरु साहेब जी ने कहा की प्रदेश के विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना के अंतर्गत 374 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय तथा 211 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में व्यापक स्तर पर अधोसंरचना विकास कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों पर रहेगा विशेष फोकस
• स्कूल परिसरों की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण
• विद्यार्थियों हेतु प्रार्थना शेड का निर्माण
• किचन शेड एवं शौचालयों का निर्माण एवं नवीनीकरण
• विद्यालय भवनों का रिनोवेशन एवं सुधार
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु शासन द्वारा मानक दरें निर्धारित की गई हैं। बाउंड्री वॉल के लिए ₹8000 प्रति मीटर, जबकि प्रार्थना शेड के लिए विद्यालय स्तर के अनुसार ₹5 लाख से ₹10 लाख तक का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूलों तक रिनोवेशन के लिए ₹3.70 लाख से ₹9.25 लाख तक की राशि स्वीकृत की गई है। किचन शेड सुधार हेतु ₹1.34 लाख एवं शौचालयों के कायाकल्प के लिए ₹3.12 लाख का प्रावधान रखा गया है। प्रार्थना शेड का निर्माण विद्यार्थियों की संख्या एवं उपलब्ध भूमि के आधार पर किया जाएगा, जिसमें प्राथमिक स्कूलों के लिए 70 वर्गमीटर, मिडिल स्कूलों के लिए 100 वर्गमीटर तथा हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए 150 वर्गमीटर तक का प्रावधान है।
गुरु साहेब जी ने आगे कहा कि प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। यह पहल न केवल स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाएगी, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





