रायपुर (विश्व परिवार)। महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज, समता कॉलोनी रायपुर के प्रबंधन विभाग द्वारा आज महाविद्यालय परिसर में “मन की बात” विषय पर एक प्रेरणादायक इंटरएक्टिव सेशन का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अध्ययन, करियर, अवसरों एवं व्यक्तिगत विकास के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध रेडियो जॉकी एवं पब्लिक स्पीकर आर जे अनिमेष शुक्ला मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक वक्तव्य के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा चुनने, अवसरों को पहचानने एवं निरंतर आत्मविकास की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के चेयरमेन रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमेन राजेश अग्रवाल, सेक्रेटरी श्रीमती सरिता अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. जैस्मिन जोशी तथा उप-प्राचार्य डॉ. श्वेता तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट, समर्पित और निरंतर प्रयासरत रहते हैं। हर विद्यार्थी के भीतर असीम संभावनाएं हैं, जरूरत है उन्हें पहचानने और सही दिशा में प्रयास करने की।”
इस इंटरएक्टिव सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने करियर, पढ़ाई एवं जीवन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान आरजे अनिमेष शुक्ला ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों की उपस्थिति रही। अंत में महाविद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों से निरंतर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।





