छत्तीसगढ़रायपुर

आरंग में ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा साझा मंच, चार पंचायतों में महतारी सदन निर्माण की अनुशंसा

आरंग/रायपुर (विश्व परिवार)। आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास का सिलसिला लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है। क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने से लेकर ग्रामीण अंचलों में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार तक लगातार नए विकास कार्यों को स्वीकृति एवं अनुशंसा मिल रही है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के निरंतर प्रयासों से अब महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की महतारी सदन योजना के अंतर्गत आरंग विकासखंड की चार ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि की अनुशंसा की गई है। ग्राम पंचायत भानसोज, गोढ़ी, चिखली एवं पलौद में महतारी सदन निर्माण के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत हेतु 30-30 लाख रुपये की राशि अनुशंसित की गई है। इस प्रकार चारों ग्राम पंचायतों में कुल 1.20 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। महतारी सदन निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जागरूकता गतिविधियां एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के संचालन में सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को एक साझा मंच मिलेगा और उनकी सामाजिक भागीदारी एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व एवं प्रयासों से आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, शिक्षा, अधोसंरचना और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े कार्यों के साथ अब महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री का स्पष्ट प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।लगातार मिल रही विकास कार्यों की स्वीकृतियां इस बात का प्रमाण हैं कि आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास को लेकर योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जा रहे हैं। चार ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण की अनुशंसा इसी विकास यात्रा की एक और महत्वपूर्ण कड़ी है। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं एवं ग्रामीणों में उत्साह है। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रति आभार व्यक्त किया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts