धर्म

कुंन्थुनाथ भगवान का जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक महोत्सव: ब्यावर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम

ब्यावर (विश्व परिवार)। धर्म नगरी ब्यावर में सेठ चंपालाल रामस्वरूप की नसिया में भगवान कुंन्थुनाथ का जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भाव के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ।

प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने भगवान का विशेष अभिषेक, शांतिधारा एवं विधिपूर्वक पूजन-अर्चना कर वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। इस पावन अवसर पर समाज की महिलाओं द्वारा भक्ताम्बर विधान का भव्य आयोजन किया गया, जिससे सम्पूर्ण परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।

कल्याणक महोत्सव के अवसर पर धर्मप्रेमियों ने भगवान कुंन्थुनाथ के तप, त्याग, वैराग्य एवं अहिंसा के आदर्शों का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समाज के वरिष्ठजनों एवं विद्वानों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में भगवान के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए युवाओं को धर्म से जुड़ने का संदेश दिया।

दिगंबर जैन समाज के प्रवक्ता अमित गोधा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूजा-अर्चना के पश्चात परंपरा अनुसार सभी जिनालयों में मोदक चढ़ाने का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति भाव से भगवान को मोदक अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आयोजन की सफलता में सभी जिनालयों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।

अंत में दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष अशोक काला, उपाध्यक्ष कमल रावंका, मंत्री विजय फागीवाला, कोषाध्यक्ष शशिकांत गदिया, उपकरण मंत्री अमित गोधा, सह मंत्री विकल कासलीवाल सहित अनिल रानीवाला, अतुल पाटनी, नवीन बाकलीवाल, अक्षत कटारिया, आशीष बाकलीवाल, अंशुल रानीवाला, संजीव गंगवाल, अंकित रावका, संदीप पाटनी, प्रमोद रावंका चन्द्रेश रावंका, शरद जैन, संजय ठोलिया, अरुण कासलीवाल, संयम कासलीवाल ने सभी श्रद्धालुओं के उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त की। साथ ही ऐसे आयोजनों को समाज में एकता, संस्कार एवं धार्मिक चेतना के प्रसार का सशक्त माध्यम बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts