दुर्ग

आयुक्त ने किया वार्ड क्रमांक 14 में सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

  • एसएलआरएम सेंटर का जायजा, स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर बढ़ाई गई सख्ती
  • नाली में कचरा मिलने पर सुपरवाइजर को फटकार, तत्काल सफाई के निर्देश
  • सड़क किनारे खाली स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश, धूल मुक्त करने पर जोर

दुर्ग (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14 में आज सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त सुमित अग्रवाल ने क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसएलआरएम सेंटर का भी अवलोकन किया गया, जहां कचरे के प्रबंधन, पृथक्करण और निष्पादन की प्रक्रिया को देखा गया।अधिकारियों ने सेंटर की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए हर स्तर पर सतर्कता और जिम्मेदारी जरूरी है।

इसी दौरान आयुक्त श्री अग्रवाल ने सिकोला से उरला की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित बड़ी नाली में कचरा जमा पाया गया, जिस पर संबंधित सफाई सुपरवाइजर को कड़ी फटकार लगाई गई। अधिकारियों ने तत्काल नाली की सफाई कर सुचारू जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे रिक्त स्थानों पर धूल उड़ने की समस्या को देखते हुए वहां पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि इन स्थानों को व्यवस्थित कर धूल से मुक्त किया जाए, जिससे पर्यावरण स्वच्छ रहे और नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।

नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस तरह के नियमित निरीक्षण से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts