दुर्ग (विश्व परिवार)। केंद्रीय जेल दुर्ग में छत्तीसगढ़ की पहली खुली जेल (ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन-ओसीआई) का शुभारंभ 22 सितंबर 2026 को डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक मनीष संभाकर सहित जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बंदी उपस्थित रहे।
यह पहल छत्तीसगढ़ में पहली बार शुरू की गई है। केंद्रीय जेल दुर्ग में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए खुली जेल की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य चयनित बंदियों को नियंत्रित वातावरण में जेल से बाहर विभिन्न कार्यों में शामिल होने का अवसर देना है।
खुली जेल में फिलहाल 30 बंदियों को रखा जाएगा। ये बंदी सुबह विभिन्न कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जा सकेंगे और दिनभर कार्य पूरा करने के बाद शाम को लॉकअप होने से पहले वापस जेल लौटेंगे।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 21 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की गई है। खुली जेल की व्यवस्था के माध्यम से चयनित बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और कार्य करने का अवसर मिलेगा।







