रायपुर (विश्व परिवार)। AIIMS Raipur के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा सिकल सेल समिति के सहयोग से महिलाओं एवं मातृ स्वास्थ्य पर सिकल सेल रोग के प्रभाव विषय पर एक व्यापक सिकल सेल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि Lt Gen Ashok Jindal (Retd), कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, AIIMS रायपुर ने इस पहल की सराहना करते हुए सिकल सेल रोगियों के लिए परामर्श, स्क्रीनिंग, काउंसलिंग एवं उपचार सेवाओं को और मजबूत करने हेतु संस्थान के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रत्येक गुरुवार को एक विशेष एकीकृत सिकल सेल
क्लिनिक प्रारंभ करने का सुझाव भी दिया, जहां रोगियों को एक ही स्थान पर बहुविषयक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
Dr Eli Mohapatra, डीन अकादमिक एवं सिकल सेल समिति के अध्यक्ष ने मध्य भारत में सिकल सेल रोग की चुनौती से प्रभावी रूप से निपटने के लिए जागरूकता, प्रारंभिक स्क्रीनिंग, समय पर निदान एवं काउंसलिंग की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के प्रो. डॉ. एन. के. बागड़े ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फीटल मेडिसिन विशेषज्ञ प्रो. डॉ. विनीता सिंह ने सिकल सेल ट्रेट एवं अन्य हीमोग्लोबिनोपैथी के लिए प्रसव पूर्व स्क्रीनिंग के महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने जानकारी दी कि AIIMS रायपुर शीघ्र ही सिकल सेल रोग एवं अन्य हीमोग्लोबिनोपैथी के लिए कम लागत पर प्रसव पूर्व जांच सुविधा प्रारंभ करने जा रहा है, जिससे आमजन को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में डॉ. फातिमा द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य तथा डॉ. गुपची द्वारा सिकल सेल रोग के प्रसूति संबंधी प्रभावों पर जागरूकता व्याख्यान दिए गए। बी.एससी. नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में स्क्रीनिंग, रोकथाम एवं मातृ जटिलताओं से संबंधित विषयों को प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. डॉ. विनीता सिंह, डॉ. सुनील
एवं डॉ. हर्षल द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक
भाग लिया। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा कार्यक्रम का समापन प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की एंटीनटल मेडिकल ऑफिसर डॉ. अतिया रज़ा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।







