छत्तीसगढ़रायपुर

विधायक राजेश मूणत का सख्त निरीक्षण: घटिया निर्माण पर फटकार, गुणवत्ता से समझौता नहीं

​रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत आज अपने चिर-परिचित अंदाज़ में क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए धरातल पर उतरे। जन-सेवा और पारदर्शी कार्यशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मूणत ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का लगातार 3 घंटों तक सघन निरीक्षण किया।
​इस दौरान विधायक मूणत ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि रायपुर पश्चिम की जनता की गाढ़ी कमाई से बन रही अधोसंरचनाओं में किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
​सरोना अस्पताल के निरीक्षण में मिली खामियां, अभियंताओं को कड़ी फटकार
​निरीक्षण की शुरुआत सरोना क्षेत्र में 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 100 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल से हुई। यहाँ चल रहे ‘फूटिंग वर्क’ (बुनियाद के कार्य) का अवलोकन करते समय जब गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली, तो मूणत का पारा चढ़ गया। उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उप-अभियंता को जमकर फटकार लगाते हुए कहा, “गुणवत्ता में एक इंच की कमी भी अक्षम्य है। यदि निर्माण में तराई (Curing) और तकनीकी मानकों की अनदेखी हुई, तो मैं स्वयं प्रबंध संचालक और अध्यक्ष को मौके पर लाकर कड़ी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित कराऊंगा।
महिला सशक्तिकरण के कार्यों पर संतोष
​सरोना के पश्चात विधायक मूणत विप्र नगर पहुंचे, जहाँ 40 लाख रुपये की लागत से बन रहे महिला योग भवन और 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन महतारी सदन का अवलोकन किया। यहाँ कार्य की गति और गुणवत्ता मानक स्तर पर पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के जोन आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य से जुड़े ये प्रोजेक्ट्स समय सीमा के भीतर पूर्ण होने चाहिए।

नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2: लापरवाही पर कड़े तेवर
​शिक्षा के केंद्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के समीप 21 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नालंदा लाइब्रेरी पार्ट-2 के निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर विधायक ने तीखी नाराजगी व्यक्त की। कार्य की वस्तुस्थिति की सही जानकारी न दे पाने और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि “यदि कार्य को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की क्षमता नहीं है, तो तत्काल कार्य छोड़ दें।” उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी कि सार्वजनिक संपत्ति के निर्माण में किसी भी प्रकार की गोपनीयता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
​कोटा महाविद्यालय को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
​निरीक्षण के अंतिम पड़ाव में श्री मूणत कोटा स्थित शासकीय महाविद्यालय गुढ़ियारी पहुंचे। यहाँ लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
मूणत ने कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि महाविद्यालय भवन को शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कर छात्रों को समर्पित किया जाए। साथ ही, उन्होंने मानसून पूर्व पहुँच मार्ग (रोड) का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने की समय सीमा तय की।
​कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद, धरातल पर विकास
​रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने अपनी कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए कहा कि वे केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखने वाले परिणामों में विश्वास रखते हैं। वे निरंतर अपने कार्यकर्ताओं के साथ योजनाओं का ब्लूप्रिंट तैयार करते हैं और अधिकारियों के साथ समन्वय बिठाकर उन्हें अमलीजामा पहनाते हैं। क्षेत्र का दौरा करना और निर्माण कार्यों की सूक्ष्म निगरानी करना उनकी कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा है ताकि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर सके।
​इस निरीक्षण दौरे के दौरान विधायक के साथ विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पार्षदगण और बड़ी संख्या में जागरूक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts