मुंबई (विश्व परिवार)। Bank of Baroda ने 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय नतीजों का ऐलान किया है। बैंक ने मजबूत आस्ति गुणवत्ता और बेहतर लाभप्रदता के दम पर लगातार व्यावसायिक वृद्धि दर्ज की है।
बैंक का तिमाही शुद्ध लाभ बढ़कर ₹5,616 करोड़ पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 11.2% अधिक है। वहीं पूरे वित्त वर्ष में बैंक ने ₹20,021 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज कर 20 हजार करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया।
तिमाही के दौरान बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) ₹12,494 करोड़ रही, जिसमें 8.7% की वृद्धि हुई। परिचालन लाभ भी बढ़कर ₹9,069 करोड़ हो गया।
आस्ति गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है। सकल एनपीए घटकर 1.89% और शुद्ध एनपीए 0.45% पर आ गया है।
बैंक ने शेयरधारकों को राहत देते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹8.5 प्रति शेयर (425%) डिविडेंड देने की सिफारिश की है।
व्यावसायिक प्रदर्शन की बात करें तो बैंक का वैश्विक कारोबार ₹30 लाख करोड़ के आंकड़े को पार कर गया है। साथ ही, वैश्विक अग्रिमों में 16.2% और घरेलू अग्रिमों में 14.5% की वृद्धि दर्ज की गई है।
बैंक के अनुसार, रिटेल, कृषि और एमएसएमई (RAM) सेगमेंट में भी मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई है, जिससे कुल लोन पोर्टफोलियो में इनकी हिस्सेदारी बढ़कर 61% हो गई है।
बैंक का कहना है कि मजबूत बैलेंस शीट, बेहतर एसेट क्वालिटी और नियंत्रित लागत के चलते आगे भी प्रदर्शन में स्थिरता बनी रहने की उम्मीद है।







