कोलकाता (विश्व परिवार)। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. आजा शनिवार को शपथ ग्रहण के बाद जब शुभेंदु अधिकारी सभी नेताओं से मुलाकात कर रहे थे, तब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना गमछा उतारकर उन्हें पहनाया. मुख्यमंत्री योगी की ओर से दिया गया यह भगवा गमछा एक खास तोहफा माना जा रहा है. इस भगवा गमछे को भाजपा की विचारधारा और हिंदुत्व की राजनीति का प्रतीक माना जा रहा है।
पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शुभेंदु ने भवानीपुर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था. शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में किया गया. इस समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए. पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई दिग्गत नेता शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बने।
शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं. इसके बाद शुभेंदु ने मंच पर मौजूद सभी नेताओं से एक-एक कर मुलाकात की और सभी ने उन्हें बधाई दी।
वहीं, जब वह योगी आदित्यनाथ के पास पहुंचे, तो योगी ने अपना गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भगवा गमछा भेंट किया. योगी ने अपने हाथों से वह गमछा सुवेंदु अधिकारी के कंधे पर रखा, जिसके बाद मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियां बजाईं. इस भगवा गमछे को भाजपा की विचारधारा और हिंदुत्व की राजनीति का प्रतीक माना जा रहा है. कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुवेंदु अधिकारी ने भगवा कपड़ों में शपथ ली. उन्होंने बांग्ला भाषा में शपथ ली।
बता दें, बंगाल की राजनीति में शुभेंदु अधिकारी एक बेहद दिलचस्प और चर्चित नाम हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह उनका राजनीतिक सफर है, जिसकी शुरुआत नंदीग्राम से हुई थी. शुभेंदु अधिकारी का जन्म पूर्व मेदिनीपुर के प्रभावशाली अधिकारी परिवार में हुआ. कहा जाता है कि बचपन से ही उनका झुकाव आध्यात्मिकता की ओर था।
सुवेंदु अधिकारी ने दो सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ा था. उन्होंने भवानीपुर से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया है और नंदीग्राम से भी जीत हासिल की है. इन चुनावों में भाजपा ने भारी बहुमत से 208 सीटें जीतीं हैं. हालांकि अब सुवेंदु अधिकारी को अपनी कोई एक सीट छोड़नी पड़ेगी।







